केंद्र सरकार की बड़ी कामयाबी: सऊदी अरब में हत्या कर भारत आया आरोपी 26 साल बाद CBI ने किया गिरफ्तार
नई दिल्ली: सऊदी अरब में अक्टूबर 1999 में हुई हत्या के आरोपी मोहम्मद दिलशाद को 26 साल के लंबे फरार रहने के बाद CBI ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने रियाद में जिस कंपनी में काम करता था, वहां एक व्यक्ति की हत्या की थी और इसके बाद भारत भाग गया था।
CBI ने अप्रैल 2022 में सऊदी अधिकारियों के अनुरोध पर स्थानीय अभियोजन मामले के तहत कार्रवाई शुरू की थी। जांच में आरोपी के पैतृक गांव बिजनौर, उत्तर प्रदेश में उसके ठिकानों का पता लगाया गया और उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया। हालांकि, लंबे समय तक वह पकड़ से बाहर रहा।
जांच में यह भी पता चला कि मोहम्मद दिलशाद अलग पहचान बनाकर विदेश यात्रा कर रहा था। तकनीकी सुराग और खुफिया जानकारी के आधार पर उसके नए पासपोर्ट का पता लगाया गया और 11 अगस्त को उसे नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया। 14 अगस्त को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया और मामले की जांच अब भी जारी है।
Share this content:
