May 2, 2026

ऑपरेशन सिंदूर के 100 दिन और 23.47 लाख करोड़ का फायदा

पहलगाम आतंकी हमले के बाद शुरू हुआ भारत का ऑपरेशन सिंदूर अब अपने 100 दिन पूरे कर चुका है। ये ऑपरेशन पाकिस्तान समर्थित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने और आतंक की जड़ को खत्म करने के लिए शुरू किया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही साफ कर चुके हैं कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियां पूरी तरह समाप्त नहीं हो जातीं। इन 100 दिनों ने न केवल सुरक्षा के मोर्चे पर भारत को मज़बूती दी, बल्कि अर्थव्यवस्था के स्तर पर भी देश के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आए।

दरअसल, ऑपरेशन सिंदूर के इन सौ दिनों में देश के शेयर बाजार से निवेशकों और देश की अर्थव्यवस्था को करीब 23.47 लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। 6 मई को बीएसई का मार्केट कैप 4,21 लाख करोड़ के आसपास था, जो अब बढ़कर लगभग 4,44 लाख करोड़ से ज्यादा हो चुका है। यानी 5.57 फीसदी की बढ़ोतरी। यह इजाफा इस बात का संकेत है कि सुरक्षा के साथ-साथ निवेशकों का भरोसा भी लगातार मजबूत हुआ है।

खास बात यह है कि इन 100 दिनों में सेंसेक्स लगभग फ्लैट रहा है, जबकि निफ्टी में करीब 1 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है। 6 मई को सेंसेक्स 80,641 अंकों पर था, जो मौजूदा समय में 80,597 अंकों पर है। वहीं निफ्टी 24,379 अंकों से बढ़कर 24,631 अंकों पर पहुंच गया है। यानी उतार-चढ़ाव के बावजूद निफ्टी ने सकारात्मक संकेत दिखाए हैं।

जानकारों का मानना है कि इस दौरान कई स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में गिरावट दर्ज की गई, लेकिन बड़ी और ब्लूचिप कंपनियों के शेयर स्थिर रहे। यही वजह रही कि ओवरऑल मार्केट वैल्यूएशन बढ़ता चला गया। कंपनियों के नतीजे पहली तिमाही में उम्मीद से बेहतर रहे और इसका सीधा असर शेयर बाजार पर दिखाई दिया।

वेल्थ ग्लोबल रिसर्च के डायरेक्टर अनुज गुप्ता कहते हैं कि इस दौरान कंपनियों की वैल्यूएशन में सुधार हुआ है। उन्होंने चेताया कि आने वाले दिनों में बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है, लेकिन लंबी अवधि में निवेशकों का भरोसा बना रहना तय है।

यानी, ऑपरेशन सिंदूर के 100 दिन केवल भारत की सीमाओं पर आतंक के खिलाफ कड़ा जवाब नहीं बने, बल्कि अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर भी देश के लिए जीत का सबूत साबित हुए। यह संदेश साफ है – जब सुरक्षा मजबूत हो, तो अर्थव्यवस्था का आत्मविश्वास भी दोगुना हो जाता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!