संभल, यूपी: सरकारी जमीन पर बनी मस्जिद और 33 मकानों पर चला बुलडोजर, प्रशासन की सख्त कार्रवाई
उत्तर प्रदेश के संभल जिले के चंदौसी क्षेत्र में शनिवार को प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया। नगर पालिका की 6 बीघा सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनी रजा-ए-मुस्तफा मस्जिद और 33 मकानों को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई प्रशासन द्वारा 15 दिन पहले दिए गए नोटिस की समयसीमा पूरी होने के बाद की गई।
प्रशासन का कहना है कि मस्जिद और अन्य निर्माण बिना किसी वैध दस्तावेज के नगर पालिका की जमीन पर किए गए थे। जांच के दौरान मस्जिद कमेटी कोई वैध कागज़ात पेश नहीं कर सकी। इसके बाद एसडीएम विनय मिश्रा और सीओ अनुज चौधरी ने भारी पुलिस बल के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया।
डीएम राजेंद्र पेंसिया ने पुष्टि की कि नगर पालिका की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण किए गए थे। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने जमीन कब्जाई या बेची, उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी और सभी अवैध निर्माणों को कानून के तहत हटाया जाएगा।
तहसीलदार और एसडीएम की संयुक्त जांच रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि जमीन का मालिकाना हक किसी के पास नहीं था, और इसे फर्जी तरीके से अपने नाम करवाकर कब्जा किया गया था। प्रशासन ने इसे गंभीर मामला मानते हुए कानूनी कार्रवाई के तहत ध्वस्तीकरण किया।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, और कोई अप्रिय स्थिति नहीं हुई। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अवैध कब्जों के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयाँ आगे भी जारी रहेंगी।
Share this content:
