April 30, 2026

सलमान नहीं शाहरुख खान देशद्रोही, सफाई में बोले UP के मंत्री रघुराज सिंह; अखिलेश यादव ने साधा निशाना

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में दर्जा प्राप्त मंत्री ठाकुर रघुराज सिंह के एक बयान ने प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। पहले उन्होंने फिल्म अभिनेता सलमान खान को “देशद्रोही” बताते हुए पाकिस्तान से प्रेम करने और भारत में कमाई कर बाहर भेजने जैसे आरोप लगाए थे। बयान के बाद सियासी और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली, जिसके चलते मंत्री को सफाई जारी करनी पड़ी।

विवाद बढ़ने पर मंत्री रघुराज सिंह ने एक वीडियो जारी कर कहा कि उनसे नाम लेने में गलती हो गई थी। उन्होंने कहा कि सलमान खान अच्छे अभिनेता हैं और उनका इरादा सलमान के खिलाफ बोलने का नहीं था। मंत्री के मुताबिक, उनका बयान शाहरुख खान के संदर्भ में था। उन्होंने आरोप लगाया कि जब-जब पाकिस्तान पर कोई संकट आता है, शाहरुख खान उसकी मदद करते हैं और उन्होंने पाकिस्तान को 265 करोड़ रुपये दिए हैं। साथ ही मंत्री ने शाहरुख खान के मॉब लिंचिंग पर दिए गए बयानों का भी जिक्र किया।

मंत्री यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों पर भी शाहरुख खान कभी खुलकर नहीं बोलते। रघुराज सिंह ने दोहराते हुए कहा कि उनका बयान शाहरुख खान को लेकर था और सलमान खान का नाम गलती से आ गया। उन्होंने यह भी कहा कि “मैं फिर से कहना चाहता हूं कि शाहरुख खान देशद्रोही हैं और इसमें कोई शक नहीं है।” इस बयान के बाद विवाद और गहरा गया।

इस पूरे मामले पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंत्री पर तीखा हमला बोला। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्होंने लिखा कि मंत्री जी शायद यह भूल गए कि कुछ साल पहले उनके सर्वेसर्वा ने इसी अभिनेता के साथ पतंग उड़ाई थी। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि कहीं ऐसा न हो कि यह बयान दिल्ली तक पहुंच जाए और मंत्री जी की “डोर कट जाए।”

अखिलेश यादव ने यह भी आशंका जताई कि यह बयान जानबूझकर दिया गया हो सकता है, क्योंकि मंत्री को यह भनक लग गई होगी कि उनकी छंटनी तय है। कुल मिलाकर, मंत्री की सफाई के बावजूद बयान ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है और यह मुद्दा अभी थमता नजर नहीं आ रहा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!