सलमान खान के पनवेल स्थित आलीशान फार्महाउस की चर्चा अक्सर होती रहती है। यह वही जगह है जहां भाईजान अपनी फिल्मों की शूटिंग से लेकर निजी पार्टियों तक का आनंद लेते हैं। 150 एकड़ में फैले इस फार्महाउस में सलमान का जिम सेटअप, खेती-बाड़ी के लिए जमीन और शूटिंग के लोकेशन सब कुछ मौजूद है। अब ‘बिग बॉस’ फेम शहनाज गिल ने सलमान खान की फार्महाउस पार्टी को लेकर कुछ दिलचस्प खुलासे किए हैं, जो फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गए हैं।
दरअसल, शहनाज गिल अपनी हालिया फिल्म Ikk Kudi के प्रमोशन के दौरान एक पॉडकास्ट शो में पहुंचीं। बातचीत के दौरान जब उनसे पूछा गया कि सलमान खान के फार्महाउस में कैसी पार्टी होती है, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “मैं सलमान सर की फार्महाउस पार्टी का हिस्सा रह चुकी हूं। वहां सब सिर्फ उनका इंतजार करते हैं। जब वो आते हैं तो माहौल ही बदल जाता है।” उन्होंने बताया कि पार्टी में ग्लैमर से ज्यादा देसी अंदाज़ देखने को मिलता है। सलमान खान खुद खेती-बाड़ी करते हैं, एटीवी चलाते हैं और मेहमानों को पेड़ों से बेरी तोड़कर खिलाते हैं।
शहनाज ने आगे कहा, “वो बहुत देसी हैं। किसानों की तरह खेतों में जाते हैं और सबको सादगी से ट्रीट करते हैं। फार्महाउस में कोई शोर-शराबा नहीं होता, बल्कि सब मिलकर बातें करते हैं। सलमान सर ज्यादातर समय अपने जिम या काम की बातें करते हैं। वो हमेशा एक्शन सीन और फिल्मों के सीक्वेंस को लेकर एक्साइटेड रहते हैं।”
‘किसी का भाई किसी की जान’ की शूटिंग के दौरान शहनाज गिल और उनकी टीम को सलमान खान के फार्महाउस पर रहने का मौका मिला था। उन्होंने बताया कि “हम वहां 1-2 दिन रुके थे और बहुत मजे किए। सलमान सर का फार्महाउस इतना बड़ा है कि वहां एटीवी में घूमने में घंटों लग जाते हैं। वो खुद सभी को खाना खिलाते हैं और पूरे देसी अंदाज़ में समय बिताते हैं।”
गौरतलब है कि सलमान खान का पनवेल फार्महाउस बॉलीवुड के सबसे चर्चित प्रॉपर्टीज़ में से एक है। यहां पर कई बार बॉलीवुड सितारे निजी पार्टियों या शूटिंग के लिए पहुंचते हैं। लॉकडाउन के दौरान भी सलमान लंबे वक्त तक यहीं रहे थे, जहां से उन्होंने अपने सोशल मीडिया वीडियो शेयर किए थे। अब शहनाज गिल के खुलासे के बाद एक बार फिर सलमान के फार्महाउस की लाइफस्टाइल और सादगी सोशल मीडिया पर सुर्खियों में है।
Share this content:
