बॉलीवुड के एनर्जेटिक स्टार रणवीर सिंह अब बिजनेस की दुनिया में भी अपनी पहचान बना रहे हैं। उनकी कंपनी SuperYou, जिसे उन्होंने बिजनेसमैन निकुंज बियानी के साथ मिलकर शुरू किया था, ने लॉन्च के सिर्फ एक साल के भीतर ₹100 करोड़ का रेवेन्यू पार कर लिया है। यह सफलता साबित करती है कि रणवीर सिर्फ पर्दे पर नहीं, बल्कि व्यापार में भी एक मंझे हुए खिलाड़ी हैं।
SuperYou ने सिर्फ चार प्रोडक्ट्स के दम पर बाजार में धमाकेदार शुरुआत की है। यह ब्रांड हेल्थ और प्रोटीन बेस्ड स्नैक्स को आम लोगों तक पहुंचाने पर फोकस कर रहा है। तेजी से बढ़ती हेल्थ स्नैक इंडस्ट्री में SuperYou ने न सिर्फ अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई, बल्कि नए ट्रेंड की शुरुआत भी की है। कंपनी के प्रोटीन वेफर बार, प्रोटीन चिप्स और अन्य हेल्दी स्नैक्स युवाओं और फिटनेस प्रेमियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं।
कंपनी ने नवंबर 2024 में अपना पहला प्रोडक्ट लॉन्च किया था। लॉन्च के केवल 90 दिनों में ही 1.6 मिलियन यूनिट्स की बिक्री हुई, जिससे SuperYou ने शुरुआती चरण में ही मार्केट में मजबूत पकड़ बना ली। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी हर महीने 25 से 30 प्रतिशत की ग्रोथ दर्ज कर रही है। हाल ही में SuperYou ने मल्टीग्रेन प्रोटीन चिप्स लॉन्च किए हैं, जो बाजार में काफी चर्चा में हैं। रणवीर ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य “स्नैक्स को हेल्दी और मजेदार बनाना” है और अगले पांच वर्षों में ₹500 करोड़ का रेवेन्यू हासिल करना उनका अगला टारगेट है।
फंडिंग के मोर्चे पर भी SuperYou ने तेजी दिखाई है। दिसंबर 2024 में कंपनी को जेरोधा के Rainmatter Capital से निवेश प्राप्त हुआ था। हालांकि निवेश की राशि सार्वजनिक नहीं की गई, लेकिन यह फंड कंपनी के प्रोडक्शन विस्तार और नए प्रोडक्ट लॉन्च के लिए उपयोग में लाई जाएगी।
रणवीर सिंह की पर्सनल ब्रांड वैल्यू और उनकी ऊर्जा ने SuperYou की मार्केटिंग को और भी दमदार बनाया है। इस बीच, अभिनेता अपने अगले प्रोजेक्ट ‘धुरंधर’ को लेकर भी सुर्खियों में हैं। आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह एक्शन फिल्म 5 दिसंबर 2025 को रिलीज होगी, जिसमें अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, माधवन और अक्षय खन्ना जैसे कलाकार नजर आएंगे।
रणवीर सिंह का यह बिजनेस सफर दिखाता है कि वे सिर्फ एक सुपरस्टार नहीं, बल्कि एक समझदार उद्यमी भी हैं जो नए दौर की जरूरतों को पहचानकर उन्हें बिजनेस अवसरों में बदलना जानते हैं।
Share this content:
