April 18, 2026

ऋतिक रोशन का डेब्यू ‘कहो ना प्यार है’ से नहीं, 45 साल पहले अपने नाना की फिल्म से हुआ था

बॉलीवुड सुपरस्टार ऋतिक रोशन को लेकर आम धारणा है कि उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत साल 2000 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘कहो ना प्यार है’ से की थी। हालांकि हकीकत कुछ और है। ऋतिक का डेब्यू बतौर लीड एक्टर भले ही उस फिल्म से हुआ हो, लेकिन सिनेमा की दुनिया में उनका पहला कदम 45 साल पहले बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट पड़ चुका था, और वो भी अपने नाना जे. ओम प्रकाश की फिल्म से।

ऋतिक रोशन के नाना मशहूर फिल्म निर्देशक थे और उनके पिता राकेश रोशन भी एक्टिंग व डायरेक्शन की दुनिया में बड़ा नाम रहे हैं। ऐसे में फिल्मी माहौल ऋतिक को बचपन से ही मिला। साल 1974 में जन्मे ऋतिक महज 6 साल के थे जब उन्होंने पहली बार कैमरा फेस किया। ये फिल्म थी ‘आशा’, जो 1980 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म का निर्देशन उनके नाना ने ही किया था, और यहीं से ऋतिक का फिल्मी सफर शुरू हो गया था।

इसके बाद भी ऋतिक ने बाल कलाकार के रूप में कई फिल्मों में काम किया। 1980 की ‘आपके दीवाने’ और 1981 की ‘आस पास’ जैसी फिल्मों में भी उन्होंने छोटे रोल निभाए। 1986 में आई ‘भगवान दादा’ में ऋतिक को एक खास किरदार में देखा गया, जिसमें रजनीकांत लीड रोल में थे।

अब जब ऋतिक अपनी अगली फिल्म ‘वॉर 2’ के साथ वापसी करने जा रहे हैं, तो यह जानना दिलचस्प है कि उनका फिल्मी अनुभव चार दशकों से भी ज्यादा पुराना है। ‘वॉर 2’ 14 अगस्त को रिलीज होने जा रही है, जिसमें उनके साथ कियारा आडवाणी नजर आएंगी, जबकि विलेन के रूप में साउथ सुपरस्टार जूनियर एनटीआर बॉलीवुड में डेब्यू करेंगे।

यह फिल्म लगभग 400 करोड़ रुपये के बजट में बनी है और इसका सीधा मुकाबला रजनीकांत की फिल्म ‘कुली’ से होने वाला है, जिसका बजट भी 350 करोड़ के करीब बताया जा रहा है। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त टक्कर देखने को मिलेगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!