दिल्ली में 51 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू, 322 करोड़ की विकास योजनाओं का शिलान्यास
दिल्ली में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी से 51 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की शुरुआत की। इन नए केंद्रों के शुरू होने के साथ ही राजधानी में ऐसे स्वास्थ्य केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 370 हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर नागरिक को समय पर सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने आरोग्य मंदिरों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और बताया कि इन केंद्रों पर करीब 80 प्रकार की निःशुल्क जांच, मुफ्त दवाइयां, कैंसर स्क्रीनिंग, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं तथा बुजुर्गों की देखभाल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ये केंद्र केवल इलाज ही नहीं, बल्कि रोकथाम और जागरूकता बढ़ाने का भी माध्यम हैं, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने दक्षिण दिल्ली के छतरपुर विधानसभा क्षेत्र में 322 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। इन योजनाओं में सड़कों और नालियों का निर्माण, ट्रैफिक सुधार, स्कूलों का विकास और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार शामिल है। इसके अलावा महरौली-बदरपुर रोड पर डबल डेकर फ्लाईओवर और कई एलिवेटेड रोड परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है, जिससे क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
Share this content:
