April 21, 2026

‘रामायण’ से लीक हुई रावण की पहली झलक – यश का नया अवतार और हॉलीवुड स्टंट डायरेक्टर के साथ दिखे जबरदस्त एक्शन में

बॉलीवुड की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक ‘रामायण’ को लेकर फैंस की उत्सुकता हर दिन बढ़ती जा रही है। जहां अब तक फिल्म को लेकर हर जानकारी पर पर्दा डाला गया था, वहीं अब फिल्म से जुड़ी एक ऐसी झलक सामने आई है, जिसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है। जी हाँ, हम बात कर रहे हैं रावण के किरदार की – जिसे निभा रहे हैं KGF फेम सुपरस्टार यश।

हाल ही में ‘रामायण’ के सेट से यश की एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें वे एकदम अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं। लम्बी दाढ़ी, लंबे बाल और भारी बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन के साथ उनका यह रूप रावण के चरित्र को नई गहराई देता दिखाई दे रहा है। इस तस्वीर को लेकर खास बात यह है कि इसे फिल्म की टीम ने आधिकारिक रूप से रिलीज नहीं किया, बल्कि यह एक लीक इमेज मानी जा रही है, जिससे फिल्म की झलक भर मिली – लेकिन उसी में धमाका हो गया।

फिल्म के डायरेक्टर नीतेश तिवारी इस प्रोजेक्ट को बेहद भव्य स्केल पर बना रहे हैं, जिसका बजट बताया जा रहा है करीब 835 करोड़ रुपये। रणबीर कपूर इस फिल्म में भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन फिलहाल वह दूसरी फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त हैं। ऐसे में रावण बने यश अब इस मेगा प्रोजेक्ट के एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग कर रहे हैं – वो भी किसी आम कोरियोग्राफर के साथ नहीं, बल्कि हॉलीवुड के दिग्गज स्टंट मास्टर Guy Norris के साथ।

Guy Norris वही नाम हैं, जिन्होंने ‘मैड मैक्स: फ्यूरी रोड’ और ‘द सुसाइड स्क्वॉड’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के एक्शन सीन्स को कोरियोग्राफ किया है। अब Norris भारत में हैं और यश के साथ युद्ध दृश्यों को रचने में जुटे हुए हैं। यह पहली बार है जब किसी भारतीय माइथोलॉजिकल फिल्म में इस स्तर की इंटरनेशनल स्टंट टीम को शामिल किया गया है।

खास बात ये है कि यश न सिर्फ इस फिल्म के लीड विलेन हैं, बल्कि इसके को-प्रोड्यूसर भी हैं। वे फिल्म के हर तकनीकी और क्रिएटिव पहलू में गहरी भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म के पहले भाग की शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी है, और यश ने अब अपने हिस्से के प्रमुख एक्शन दृश्यों की शूटिंग शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले पार्ट के लिए यश को करीब 60 से 70 दिन तक शूटिंग करनी है।

यश का यह अंदाज़ उनके फैंस के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं है। फिल्म इंडस्ट्री में इस बात की भी चर्चा है कि ‘रामायण’ यश के करियर का सबसे बड़ा और सबसे चुनौतीपूर्ण प्रोजेक्ट साबित हो सकता है।

इसके साथ ही यश की बहुप्रतीक्षित वापसी फिल्म ‘Toxic’ भी बनकर तैयार है, जिसे डायरेक्ट कर रही हैं गीतू मोहनदास। लेकिन अब सभी की निगाहें ‘रामायण’ पर टिक गई हैं – खासकर रावण की इस नई और रहस्यमयी छवि पर।

क्या यश का यह नया रूप भारतीय सिनेमा के सबसे यादगार विलेन में से एक बनेगा? क्या हॉलीवुड स्टंट डायरेक्टर के साथ यह फिल्म तकनीकी रूप से नया मील का पत्थर बनेगी? जवाब तो फिल्म रिलीज़ पर ही मिलेगा, लेकिन इतना तय है – ‘रामायण’ अब सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक सिनेमाई अनुभव बनने जा रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!