April 21, 2026

OTT डेब्यू से पहले फंसे राम कपूर, ‘मिस्त्री’ के प्रमोशन के दौरान की आपत्तिजनक टिप्पणियों पर विवाद

मशहूर टीवी और फिल्म अभिनेता राम कपूर, जो अपनी अपकमिंग वेब सीरीज़ ‘मिस्त्री’ से ओटीटी पर धमाकेदार वापसी करने जा रहे थे, अब एक गंभीर विवाद में उलझते नजर आ रहे हैं। सीरीज के प्रमोशन के दौरान दिए गए उनके कुछ भद्दे और यौन स्वभाव वाले बयान न सिर्फ सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गए हैं, बल्कि अब जियो हॉटस्टार ने भी उनके खिलाफ कड़ा एक्शन लिया है।

जानकारी के मुताबिक, मुंबई के जुहू स्थित JW मैरियट होटल में ‘मिस्त्री’ के प्रमोशन के दौरान राम कपूर ने मीडिया से बातचीत के दौरान कुछ अनप्रोफेशनल और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, जिन्हें वहां मौजूद पत्रकारों और टीम के सदस्यों ने बेहद असहज और अपमानजनक बताया। रिपोर्ट्स के अनुसार, राम कपूर ने लगातार इंटरव्यू देने के थकान को लेकर कहा, “मुझे गैंगरेप जैसा महसूस हो रहा है,” — यह बयान उस वक्त आया जब एक महिला पत्रकार अपना माइक सेट कर रही थी। पत्रकार ने खुद इस बयान की पुष्टि की है।

मामला यहीं नहीं रुका। जियो हॉटस्टार और पब्लिक रिलेशन टीम के सदस्यों ने बताया कि राम कपूर ने अपने व्यवहार में लगातार अनुशासनहीनता दिखाई। एक PR एग्जीक्यूटिव के अनुसार, राम ने उनकी एक सहयोगी की ड्रेस पर अभद्र टिप्पणी करते हुए कहा, “ये कपड़ा मेरा ध्यान भटका रहा है।” इतना ही नहीं, उन्होंने एक महिला सहकर्मी के परिवार पर भी भद्दे मजाक किए। एक कर्मी ने बताया कि राम ने मजाक में यह तक कह दिया कि “आज रात इनकी मां को सिर दर्द का नाटक करना चाहिए था, ताकि ये पैदा ही न होते।”

इन सभी विवादास्पद बयानों और अभद्र भाषा के बाद, जियो हॉटस्टार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राम कपूर को ‘मिस्त्री’ के सभी प्रमोशनल इवेंट्स से बाहर कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, कंपनी राम के साथ अपने कॉन्ट्रैक्ट को लेकर भी विचार कर रही है और सीरीज के प्रचार से जुड़ी सारी गतिविधियों में अब सिर्फ अन्य कलाकार हिस्सा लेंगे।

राम कपूर, जो लंबे समय बाद अपने बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन और दमदार अभिनय को लेकर चर्चा में थे, अब अपनी विवादास्पद भाषा और असंवेदनशीलता के चलते सोशल मीडिया पर आलोचना का केंद्र बन चुके हैं। दर्शक, मीडिया और इंडस्ट्री के लोग इस पूरे प्रकरण पर नाराजगी जता रहे हैं।

अब देखना यह है कि राम कपूर इस विवाद से कैसे उबरते हैं और क्या ‘मिस्त्री’ की रिलीज पर इसका कोई असर पड़ेगा, या फिर यह मामला और गहराता चला जाएगा। OTT पर डेब्यू से पहले ऐसा विवाद किसी भी कलाकार के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!