राजस्थान रॉयल्स की लगातार हार से प्लेऑफ की उम्मीदें कमजोर, हेजलवुड ने छीनी जीत
राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल 2025 का सीजन लगातार निराशाजनक होता जा रहा है। गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ एक और करीबी मुकाबले में टीम जीत के करीब पहुंचकर हार गई। 206 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान ने अंतिम 12 गेंदों में 18 रन की जरूरत को लगभग आसान बना दिया था, लेकिन 19वें ओवर में जोश हेजलवुड ने बाजी पलट दी। उन्होंने उस ओवर में सिर्फ 1 रन दिया और दो विकेट झटके। इससे पहले 17वें ओवर में भी हेजलवुड ने केवल 6 रन दिए थे और हेटमायर को आउट किया था, लेकिन भुवनेश्वर कुमार के ओवर में आए 22 रनों ने राजस्थान को फेवर में ला दिया था। मगर हेजलवुड ने अंत में ध्रुव जुरेल (47) और जोफ्रा आर्चर को आउट कर मैच का पासा पलट दिया। यह इस सीजन में आरसीबी की अपने होम ग्राउंड पर पहली जीत है, वहीं राजस्थान की लगातार पांचवी हार है।
राजस्थान की टीम अब तक 9 मैचों में सिर्फ दो ही जीत पाई है। टीम को शुरुआती दो मैच हारने के बाद लगातार दो मुकाबले जीतने में सफलता मिली थी, लेकिन उसके बाद टीम लगातार पांच मैच हार चुकी है। फिलहाल राजस्थान 4 अंकों के साथ अंक तालिका में 8वें स्थान पर है। हालांकि हैदराबाद और चेन्नई के भी 4-4 अंक हैं, लेकिन राजस्थान का नेट रन रेट उनसे थोड़ा बेहतर है।
राजस्थान रॉयल्स के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाएं अब बहुत सीमित हो चुकी हैं और यह टीम के साथ-साथ बाकी टीमों के प्रदर्शन पर भी निर्भर हो गया है। राजस्थान को लीग स्टेज के बाकी बचे पांचों मुकाबले जीतने होंगे, जिससे वह 14 अंकों तक पहुंच सके। हालांकि मौजूदा अंक तालिका में गुजरात, दिल्ली और बेंगलुरु के 12-12 अंक हो चुके हैं, जबकि मुंबई, पंजाब और लखनऊ 10-10 अंकों पर हैं, ऐसे में राजस्थान के लिए टॉप-4 में जगह बनाना कठिन नजर आ रहा है। लेकिन अगर अन्य टीमें 16 अंकों तक न पहुंचें और राजस्थान सभी मैच जीते, तो क्वालीफाई करने की संभावना बरकरार रहेगी।
राजस्थान रॉयल्स के आगामी मुकाबले 28 अप्रैल को गुजरात टाइटंस, 1 मई को मुंबई इंडियंस, 4 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स, 12 मई को चेन्नई सुपर किंग्स और 16 मई को पंजाब किंग्स के खिलाफ होंगे। ये सभी मुकाबले राजस्थान के लिए ‘करो या मरो’ की स्थिति जैसे होंगे।
Share this content:
