April 18, 2026

पहलगाम हमले के बाद भारत-पाकिस्तान क्रिकेट पर नया तनाव, बीसीसीआई ने आईसीसी को लिखा पत्र

22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट संबंधों में एक बार फिर खटास आ गई है। इस हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक बड़ा फैसला लिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार बीसीसीआई ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि भारत और पाकिस्तान को किसी भी टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज में आमने-सामने ना रखा जाए।

बीसीसीआई का मानना है कि कम से कम ग्रुप चरण में तो दोनों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ नहीं खेलनी चाहिए। हालांकि अगर सेमीफाइनल या फाइनल में दोनों टीमें आमने-सामने होती हैं, तो वह एक अलग स्थिति होगी। अगला आईसीसी टूर्नामेंट सितंबर में आयोजित महिला वनडे वर्ल्ड कप है, जिसकी मेजबानी भारत करेगा और पाकिस्तान महिला टीम भी इसमें क्वालीफाई कर चुकी है।

जहां तक पुरुष क्रिकेट की बात है, अगला बड़ा टूर्नामेंट 2026 में टी20 वर्ल्ड कप होगा जिसकी मेजबानी भारत और श्रीलंका करेंगे। लेकिन इससे पहले बीसीसीआई को एशिया कप की चिंता सता रही है, जो इसी साल होना है। इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान ग्रुप ए में एक साथ शामिल हैं, जहां उनके साथ यूएई और हांगकांग की टीमें भी हैं। ग्रुप बी में बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान और ओमान हैं।

हालांकि टूर्नामेंट का शेड्यूल अब तक जारी नहीं हुआ है और इसकी घोषणा मई तक होने की संभावना है। यह पूरी तरह इस बात पर निर्भर करेगा कि बीसीसीआई और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के बीच बातचीत का माहौल कैसा रहता है। क्योंकि पहले से ही यह जानकारी सामने आ चुकी है कि पाकिस्तान भारत में आकर मैच नहीं खेलेगा, इसलिए न्यूट्रल वेन्यू पर आयोजन की चर्चा हो रही है।

एक रिपोर्ट में तो यह तक कहा गया है कि अगर दोनों बोर्ड्स के बीच तनाव बरकरार रहा, तो टूर्नामेंट को रद्द करने तक का फैसला भी लिया जा सकता है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि एशिया कप में भारत और पाकिस्तान को लेकर आखिरी निर्णय क्या होता है और क्या दोनों टीमों को एक ही ग्रुप में रखा जाएगा या नहीं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!