April 24, 2026

भारत को बेरोजगारी और वोट चोरी से मुक्त करना ही सबसे बड़ी देशभक्ति: राहुल गांधी

कांग्रेस नेता ने BJP पर बोला तीखा हमला, कहा – अब युवा न नौकरी की लूट सहेंगे, न वोट की चोरी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर बेरोजगारी और वोट चोरी को लेकर करारा वार किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट किए गए एक वीडियो और बयान में राहुल गांधी ने कहा कि भारत के युवाओं की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है और इसका सीधा रिश्ता वोट चोरी से है। उनका कहना है कि जब तक चुनाव पारदर्शी नहीं होंगे, तब तक बेरोजगारी और भ्रष्टाचार दोनों बढ़ते रहेंगे।

राहुल गांधी ने बीजेपी सरकार पर आरोप लगाया कि वह जनता का विश्वास जीतकर सत्ता में नहीं आती, बल्कि वोट चोरी और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कैद करके अपनी ताकत बनाए रखती है। उन्होंने लिखा कि जब कोई सरकार जनता का भरोसा जीतकर आती है तो उसका पहला कर्तव्य युवाओं को रोजगार और अवसर देना होना चाहिए। लेकिन मोदी सरकार युवाओं को अवसर देने के बजाय पीआर और अरबपतियों को फायदा पहुँचाने में व्यस्त है।

कांग्रेस सांसद ने बेरोजगारी के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आज भारत में बेरोजगारी 45 साल के उच्चतम स्तर पर है। भर्ती प्रक्रियाएँ ठप हैं, परीक्षाओं के पेपर लगातार लीक हो रहे हैं और हर भर्ती भ्रष्टाचार की कहानियों से जुड़ी है। मेहनती युवा अपने सपनों को साकार करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं लेकिन उनकी उम्मीदें लगातार टूट रही हैं। राहुल गांधी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता युवाओं का भविष्य सुरक्षित करने के बजाय अपने प्रचार-प्रसार पर खर्च करना है।

राहुल गांधी ने अपने बयान में युवाओं की बदलती सोच का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अब भारत का युवा समझ चुका है कि असली लड़ाई सिर्फ नौकरियों के लिए नहीं बल्कि वोट चोरी के खिलाफ है। उन्होंने दावा किया कि अब युवा न तो नौकरी की लूट बर्दाश्त करेंगे और न ही वोट की चोरी। राहुल ने इसे “सबसे बड़ी देशभक्ति” करार देते हुए कहा कि भारत को बेरोजगारी और वोट चोरी से मुक्त कराना ही अब असली राष्ट्र सेवा है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी राहुल गांधी ने युवाओं और नए जनरेशन (Gen-Z) की भूमिका पर जोर देते हुए कहा था कि यही पीढ़ी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करेगी। नेपाल में हाल ही में हुए Gen-Z आंदोलन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा था कि भारत में भी युवा ही वोट चोरी रोकने और लोकतंत्र को बचाने में निर्णायक भूमिका निभाएंगे।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!