Pushpa 3: अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 3’ में खूंखार विलेन बनेंगे सलमान खान? 10 साल पुराने नाम पर खेला जा सकता है बड़ा दांव
अल्लू अर्जुन की ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाइजी ‘पुष्पा’ का तीसरा भाग ‘पुष्पा 3’ पहले से ही जबरदस्त चर्चा में है। ‘पुष्पा: द रूल’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद फैंस बेसब्री से अगले पार्ट का इंतजार कर रहे हैं। साल 2024 में रिलीज हुए दूसरे पार्ट ने दुनियाभर में करीब 1871 करोड़ रुपये की कमाई कर रिकॉर्ड बना दिया था। अब भले ही ‘पुष्पा 3’ की रिलीज में अभी वक्त हो, लेकिन फिल्म से जुड़ी एक नई और बड़ी खबर ने साउथ से लेकर बॉलीवुड तक हलचल मचा दी है। चर्चा है कि इस बार अल्लू अर्जुन के सामने विलेन के तौर पर कोई और नहीं, बल्कि सलमान खान नजर आ सकते हैं।
हाल ही में सामने आया था कि हैदराबाद में ‘पुष्पा 3’ का प्री-प्रोडक्शन वर्क शुरू हो चुका है। इसके लिए एक अलग ऑफिस भी किराए पर लिया गया है, जहां फिल्म की कहानी और यूनिवर्स को लेकर शुरुआती चर्चाएं हो रही हैं। निर्देशक सुकुमार और अल्लू अर्जुन फिलहाल अपने-अपने दूसरे प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं, लेकिन इसके बावजूद ‘पुष्पा 3’ की प्लानिंग पर काम जारी है। इसी बीच इंटरनेट और इंडस्ट्री के गलियारों में यह खबर तेजी से फैल रही है कि मेकर्स तीसरे पार्ट को और बड़े स्तर पर ले जाने की तैयारी कर रहे हैं और इसके लिए एक बड़े बॉलीवुड सुपरस्टार की एंट्री कराई जा सकती है।
‘पुष्पा 2’ में भंवर सिंह शेखावत यानी फहाद फासिल के किरदार के खत्म होने के बाद से ही नए विलेन को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। कभी विजय देवरकोंडा के नाम की चर्चा हुई, तो कभी फहाद फासिल की वापसी की बातें सामने आईं। लेकिन अब जो खबरें आ रही हैं, उनके मुताबिक सलमान खान इस रेस में सबसे आगे नजर आ रहे हैं। कहा जा रहा है कि अगर सलमान खान की एंट्री होती है, तो उनका किरदार बेहद दमदार और खतरनाक होगा, जो पूरे पुष्पा यूनिवर्स को एक नए लेवल पर ले जा सकता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, सलमान खान को ‘पुष्पा 3’ में एक अमीर मास्टरमाइंड और बिजनेस टाइकून के रूप में दिखाया जा सकता है, जो नेगेटिव शेड वाला किरदार होगा। खास बात यह है कि उनके किरदार का नाम ‘सुल्तान’ बताया जा रहा है, जो उन्होंने करीब 10 साल पहले बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म में निभाया था। माना जा रहा है कि इस नाम के जरिए मेकर्स एक तरह का बड़ा दांव खेलना चाहते हैं, जिससे दर्शकों में एक्साइटमेंट और नॉस्टैल्जिया दोनों पैदा हो। यह भी चर्चा है कि अगर दर्शकों को यह किरदार पसंद आता है, तो मेकर्स सलमान खान के साथ एक स्टैंडअलोन फिल्म भी बना सकते हैं, जो पुष्पा यूनिवर्स का हिस्सा होगी।
हालांकि, यह भी कहा जा रहा है कि ‘पुष्पा 3’ में सलमान खान का रोल फिलहाल कैमियो तक सीमित हो सकता है। यानी उनकी स्क्रीन टाइम कम होगी, लेकिन असर जबरदस्त रहेगा। फिलहाल मेकर्स या सलमान खान की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। खुद सलमान खान आमतौर पर नेगेटिव किरदारों से दूरी बनाते आए हैं, ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वह इस रोल के लिए तैयार होते हैं या नहीं। चूंकि ‘पुष्पा 3’ की रिलीज 2028 से पहले संभव नहीं मानी जा रही है, इसलिए फैंस को अभी मेकर्स के आधिकारिक ऐलान का इंतजार करना होगा।
Share this content: