पंजाबी एक्ट्रेस तानिया के पिता को क्लिनिक में मारी गई गोली, हालत नाजुक
पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री तानिया के पिता डॉ. अनिल जीत सिंह कंबोज पर पंजाब के मोगा में सरेआम गोली चलाए जाने का मामला सामने आया है। यह हमला शुक्रवार दोपहर उस वक्त हुआ जब वह अपने क्लिनिक ‘हरबंस नर्सिंग होम’ में मरीजों की देखभाल कर रहे थे। दो अज्ञात हमलावर मरीज बनकर क्लिनिक में दाखिल हुए और नजदीक से उन्हें गोली मार दी।
हमले के तुरंत बाद डॉ. कंबोज को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस अधीक्षक (मोगा) के अनुसार, हमलावर पूरी प्लानिंग के साथ आए थे और उन्होंने दो गोलियां डॉक्टर को मारीं। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीमों ने सबूत इकट्ठा किए हैं, जबकि क्लिनिक के आसपास के इलाके को सील कर दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि डॉ. कंबोज को पहले भी धमकियां मिलती रही थीं, लेकिन उन्होंने कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। इस हमले को संभावित जबरन वसूली से जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल, सीसीटीवी फुटेज की मदद से शूटरों की पहचान की जा रही है।
घटना के बाद तानिया की टीम की ओर से एक आधिकारिक बयान जारी किया गया है, जिसमें उन्होंने सभी से डॉक्टर की सलामती के लिए प्रार्थना करने की अपील की है। अभिनेत्री इस वक्त भावनात्मक रूप से बेहद परेशान हैं।
Share this content:
