April 30, 2026

वर्दी में गुनाह: अमनदीप कौर की कहानी में प्यार, धोखा और नशे का काला कारोबार!

पंजाब पुलिस की महिला कांस्टेबल अमनदीप कौर का नाम अब एक सनसनीखेज अपराध से जुड़ चुका है। जिस वर्दी को पहनकर कानून की रक्षा करनी चाहिए थी, उसी की आड़ में वह नशे का गंदा खेल खेल रही थी। एक महिला कांस्टेबल, जो कभी लोगों के लिए सुरक्षा की प्रतीक थी, अब खुद कानून के शिकंजे में आ चुकी है। बठिंडा पुलिस ने उसे 17 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया और विभाग ने तुरंत उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया। लेकिन यह सिर्फ एक गिरफ्तारी भर नहीं थी, इसके पीछे की कहानी में प्यार, धोखा और नशे के कारोबार का एक गहरा जाल बिछा हुआ है।

लव मैरिज, पति से अलगाव और एंबुलेंस ड्राइवर से सेटिंग

अमनदीप कौर बठिंडा के चक्क फतेह सिंह वाला गांव की रहने वाली है। 2011 में वह पंजाब पुलिस में भर्ती हुई थी और 2015 में उसने अपनी मर्जी से लव मैरिज की। लेकिन शादी लंबे समय तक नहीं चल सकी और वह पति से अलग रहने लगी। इसके बाद 2020 के कोरोना काल में उसकी जिंदगी में एक नया मोड़ आया, जब उसकी मुलाकात एंबुलेंस ड्राइवर बलविंद्र सिंह उर्फ सोनू से हुई। यह मुलाकात धीरे-धीरे नजदीकियों में बदली और फिर दोनों ने मिलकर नशे के कारोबार का प्लान बनाया। पुलिस की वर्दी और एंबुलेंस की आड़ में नशा सप्लाई करने का आइडिया भी अमनदीप कौर का ही था।

वर्दी की आड़ में नशे का काला कारोबार

बलविंद्र सिंह की पत्नी ने पुलिस को दिए बयान में खुलासा किया कि अमनदीप कौर अक्सर उसके घर आती थी, यहां तक कि जब वह घर पर मौजूद होती, तब भी दोनों मिलते थे। आरोप है कि अमनदीप और बलविंद्र सिंह लंबे समय से ड्रग्स का धंधा कर रहे थे और पुलिस विभाग के कुछ अधिकारियों की भी इसमें मिलीभगत हो सकती है। महिला ने कई बार पुलिस में शिकायत भी की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

14 साल में 31 ट्रांसफर और 2 बार सस्पेंशन

अमनदीप कौर का पुलिस करियर भी विवादों से भरा रहा। 14 साल की नौकरी में उसका 31 बार तबादला हुआ और दो बार सस्पेंड भी हुई। बावजूद इसके, वह पुलिस विभाग में बनी रही और नशे का कारोबार जारी रखा। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वह ज्यादातर मेडिकल लीव पर रहती थी और जब-तब दफ्तर से छुट्टी लेकर ड्रग्स सप्लाई करने निकल जाती थी।

सोशल मीडिया पर ‘बदमाशी’ वाली रील्स और शौक़ीन जिंदगी

अमनदीप कौर सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव थी। इंस्टाग्राम पर उसके 14 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स थे और वह वर्दी में बदमाशी वाले गानों पर रील्स बनाती थी। उसके पास महंगे ब्रांड्स की घड़ियां, गाड़ियां और आलीशान कोठी भी है, जो उसकी लग्जरी लाइफस्टाइल को दिखाते हैं।

अब क्या होगा?

अमनदीप कौर तो गिरफ्तार हो चुकी है, लेकिन उसका साथी बलविंद्र सिंह अभी भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। यह सिर्फ एक महिला कांस्टेबल की कहानी नहीं है, बल्कि पुलिस विभाग में बैठे उन लोगों पर भी सवाल उठाता है जो वर्दी की आड़ में अपराधों को बढ़ावा देते हैं। आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!