ऑस्ट्रेलिया की महिला बिग बैश लीग (WBBL) में एक नई ‘गिल’ ने कदम रख दिया है — नाम है हसरत गिल। अमृतसर में जन्मी यह युवा क्रिकेटर अब ऑस्ट्रेलिया की तरफ से खेल रही हैं। दिलचस्प बात यह है कि जैसे शुभमन गिल भारत के पंजाब से हैं, वैसे ही हसरत गिल भी पंजाब की ही बेटी हैं, लेकिन अब ऑस्ट्रेलियाई जर्सी में जलवा बिखेर रही हैं।
हसरत गिल का जन्म साल 2005 में अमृतसर में हुआ था। जब वे तीन साल की थीं, तब उनके पिता गुरप्रीत सिंह गिल अपने पूरे परिवार के साथ ऑस्ट्रेलिया बस गए। यहीं से हसरत की क्रिकेट यात्रा की शुरुआत हुई। उन्होंने स्कूल स्तर से क्रिकेट खेलना शुरू किया और धीरे-धीरे ऑस्ट्रेलिया के जूनियर स्तर पर अपनी पहचान बनाई। पिछले साल वे अंडर-19 महिला विश्व कप टीम का भी हिस्सा रहीं, जिससे उनके करियर को एक नई दिशा मिली।
अब हसरत गिल ने महिला बिग बैश लीग में सिडनी थंडर की ओर से डेब्यू किया है। उन्होंने अपना पहला मैच 9 नवंबर को होबार्ट हरिकेंस के खिलाफ खेला, जबकि दूसरा मुकाबला 11 नवंबर को मेलबर्न रेनेगेड्स के खिलाफ था। पहले मैच में उन्होंने बल्ले से 3 रन बनाए और गेंदबाजी में 4 ओवर में 36 रन दिए, हालांकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। दूसरे मैच में भी प्रदर्शन साधारण रहा — 2 ओवर में 22 रन लुटाए और सिर्फ 3 रन ही बना सकीं।
भले ही शुरुआती प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा हो, लेकिन हसरत गिल के डेब्यू ने भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों जगह सुर्खियां बटोरी हैं। पंजाब की यह बेटी अब ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने की कोशिश में है, और क्रिकेट प्रशंसक उम्मीद कर रहे हैं कि आने वाले समय में हसरत भी शुभमन गिल की तरह इंटरनेशनल मंच पर चमकेंगी।
Share this content:
