April 19, 2026

PSL में शतक ठोककर चमके साहिबजादा फरहान, विराट कोहली और क्रिस गेल के रिकॉर्ड की बराबरी की

जहां भारत में आईपीएल 2025 का रोमांच अपने चरम पर है, वहीं पाकिस्तान सुपर लीग में भी शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं। इस्लामाबाद यूनाइटेड के लिए खेलते हुए साहिबजादा फरहान ने पेशावर जाल्मी के खिलाफ 14 अप्रैल को खेले गए मुकाबले में जबरदस्त शतकीय पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 26 गेंदों में अर्धशतक और 49 गेंदों में शतक पूरा करके सबको चौंका दिया। इस प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। यह इस साल उनका चौथा टी20 शतक रहा, जिसमें तीन शतक उन्होंने इससे पहले पाकिस्तान के नेशनल टी20 कप में लगाए थे। फरहान का यह शतक पीएसएल के इतिहास में इस्लामाबाद यूनाइटेड के लिए सबसे तेज शतक के रिकॉर्ड की बराबरी करता है। इससे पहले 2019 में कैमरून डेलपोर्ट ने भी लाहौर कलंदर्स के खिलाफ 49 गेंदों में शतक जड़ा था।

फरहान अब एक साल में चार टी20 शतक लगाने वाले दुनिया के पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में विराट कोहली, शुभमन गिल, जोस बटलर और क्रिस गेल की बराबरी की है। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह पाकिस्तान के पहले खिलाड़ी बन गए हैं और उन्होंने बाबर आजम का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने साल 2019 और 2023 में तीन-तीन टी20 शतक लगाए थे।

मैच की बात करें तो फरहान की शानदार बल्लेबाजी के दम पर इस्लामाबाद यूनाइटेड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 243 रन बनाए। जवाब में पेशावर जाल्मी की टीम 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 141 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से सिर्फ मोहम्मद हैरिस ही टिक पाए, जिन्होंने 47 गेंदों पर 87 रन बनाए। बाकी बल्लेबाज नाकाम रहे, जबकि कप्तान बाबर आजम महज 1 रन बनाकर आउट हो गए। 100 रनों के भीतर ही आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी और अंत में इस्लामाबाद ने यह मुकाबला 102 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!