July 13, 2026

पीएम मोदी के आह्वान पर भाजपा का बड़ा संगठनात्मक दांव, देशभर से 1000 ‘उदीप्तमान कार्यकर्ताओं’ तैयार कर खड़ी करेगी युवा नेतृत्व की नई फौज

pm-modi-9

भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन को ज़मीन पर उतारने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है, जिसमें राजनीति में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया है। इसी लक्ष्य के तहत भाजपा देशभर से 25 से 40 वर्ष आयु वर्ग के करीब 1000 युवाओं का चयन कर रही है, जिन्हें ‘उदीप्तमान कार्यकर्ता’ के रूप में तैयार किया जाएगा। इन युवाओं को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यप्रणाली और नेतृत्व क्षमता से जोड़ने के लिए तीन वर्षों का विशेष प्रशिक्षण और ग्रूमिंग दी जाएगी। भाजपा इसे भविष्य के नेतृत्व निर्माण की दीर्घकालिक योजना के रूप में देख रही है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, चयनित उदीप्तमान कार्यकर्ताओं को तीन साल तक चरणबद्ध तरीके से तैयार किया जाएगा। इस अवधि के बाद इन्हें संगठन की मुख्यधारा में जिम्मेदार भूमिकाएं सौंपी जाएंगी। योजना के तहत करीब 200 कार्यकर्ताओं को भाजपा के केंद्रीय और प्रदेश संगठनों में जगह मिलेगी, जबकि लगभग 300 कार्यकर्ताओं को विभिन्न सरकारी उपक्रमों, आयोगों और समितियों में दायित्व दिए जाने की तैयारी है। शेष करीब 500 युवाओं को अलग-अलग स्तर पर भविष्य के नेता के तौर पर तैयार किया जाएगा, ताकि आने वाले वर्षों में पार्टी को मजबूत नेतृत्व मिल सके।

भाजपा ने इस चयन प्रक्रिया में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को खास महत्व दिया है। उदीप्तमान कार्यकर्ताओं का चुनाव संघ के अनुषांगिक संगठनों, भाजपा से जुड़े सामाजिक संगठनों और अन्य सहयोगी संस्थाओं से विचार-विमर्श के बाद किया गया है। ये युवा इनोवेशन, स्किल डेवलपमेंट, सामाजिक सेवा, कम्युनिटी डेवलपमेंट, व्यवसायिक क्षेत्र और राजनीतिक नेतृत्व के सहयोगी जैसे विविध क्षेत्रों से चुने गए हैं, ताकि संगठन को हर क्षेत्र में मजबूत और सक्षम नेतृत्व मिल सके।

राज्यों के हिसाब से चयन की बात करें तो उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य से करीब 110 उदीप्तमान कार्यकर्ता चुने जाएंगे। बिहार से लगभग 70, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से 50 से 60 के बीच कार्यकर्ता शामिल होंगे। वहीं छोटे राज्यों से 15 से 20 युवाओं को इस योजना में जगह दी जाएगी। पार्टी का मानना है कि इससे क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व भी सुनिश्चित होगा और स्थानीय स्तर पर मजबूत नेतृत्व विकसित किया जा सकेगा।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से देश में एक लाख युवाओं को राजनीति में लाने का आह्वान किया था। भाजपा की यह योजना उसी घोषणा का पहला चरण मानी जा रही है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि ‘उदीप्तमान कार्यकर्ता’ कार्यक्रम के जरिए न सिर्फ संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी, बल्कि आने वाले समय में भाजपा को एक प्रशिक्षित, समर्पित और दूरदर्शी युवा नेतृत्व भी मिलेगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!