May 4, 2026

गुवाहाटी: पीएम मोदी ने असम को दी 12 हजार करोड़ की सौगात, कांग्रेस पर बोला हमला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को असम पहुंचे, जहां उन्होंने 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस दौरान नुमालीगढ़ में 7230 करोड़ रुपये की पेट्रो फ्लूइडाइज्ड कैटेलिटिक क्रैकर इकाई की आधारशिला भी रखी गई। पीएम मोदी ने कहा कि असम आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और यह राज्य ऊर्जा और सेमीकंडक्टर जैसे बड़े अभियानों का केंद्र बन रहा है।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पूर्वोत्तर के लोगों की दशकों तक उपेक्षा की और घुसपैठियों को बढ़ावा दिया। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासन में असम के संसाधनों का सही इस्तेमाल नहीं हुआ, जबकि भाजपा सरकार ने केवल दस साल में छह नए पुल ब्रह्मपुत्र पर बनाए, जो कांग्रेस छह दशकों में भी नहीं कर पाई।

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा तुष्टिकरण नहीं, बल्कि संतुष्टीकरण की राजनीति करती है। उन्होंने बताया कि असम में गरीबों के लिए 20 लाख पक्के घर बनाए गए हैं और घर-घर जल पहुंचाने का काम तेजी से चल रहा है। चाय बागानों में काम करने वाले श्रमिकों के लिए विशेष योजनाएं लागू की गई हैं, जिन्हें कांग्रेस के शासन में नजरअंदाज किया गया था।

प्रधानमंत्री ने घुसपैठ को असम की सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि लाखों एकड़ जमीन घुसपैठियों से वापस ली गई है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह भारत विरोधी विचारधारा का साथ देती है और पाकिस्तानी एजेंडे को बढ़ावा देती है। मोदी ने कहा कि भाजपा का संकल्प असम को घुसपैठ से मुक्त कर विकसित राज्य बनाना है।

विकास की योजनाओं का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि असम को बायोएथेनॉल संयंत्र, पॉलीप्रोपाइलीन प्लांट और ग्रीन एनर्जी प्रोजेक्ट्स की सौगात मिली है। बांस से एथेनॉल बनाने की शुरुआत हुई है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि अब असम की पहचान ग्लोबल ब्रांडिंग में होगी और यहां बने उत्पाद भारत को आत्मनिर्भर बनाने में मदद करेंगे।

अपने भाषण के अंत में प्रधानमंत्री ने जनता को ही अपना “रिमोट कंट्रोल” बताया और कहा कि जितनी भी गालियां कांग्रेस दे, वे भगवान शिव के भक्त की तरह सारा जहर पी जाएंगे। लेकिन जब किसी का अपमान होता है, तो वे चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि असम आने वाले समय में विकसित भारत के सपने को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!