April 18, 2026

नीरज चोपड़ा की देशभक्ति पर उठे सवाल, अरशद नदीम को बुलाने पर ट्रोल हुए, फिर दिया भावुक जवाब

अगले महीने 24 तारीख को बेंगलुरु में एनसी क्लासिक इवेंट का आयोजन होना है, जिसे भारत में विश्व एथलेटिक्स के ए-लेवल इवेंट के रूप में देखा जा रहा है। इस आयोजन की जिम्मेदारी ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने संभाली है, जिन्होंने दुनिया भर के शीर्ष भाला फेंक खिलाड़ियों को आमंत्रित किया है।

नीरज चोपड़ा ने पाकिस्तान के स्टार एथलीट अरशद नदीम को भी इस प्रतियोगिता के लिए न्योता भेजा था। लेकिन 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देश में भारी गुस्सा है। इस हमले में 25 पर्यटक और एक स्थानीय नागरिक की मौत हो गई थी। ऐसे माहौल में अरशद नदीम को आमंत्रित करने पर नीरज चोपड़ा सोशल मीडिया पर ट्रोल होने लगे और लोगों ने उनकी देशभक्ति पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।

इस आलोचना से आहत नीरज चोपड़ा ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए जवाब दिया। उन्होंने लिखा कि भले ही वे कम बोलने वाले व्यक्ति हैं, लेकिन जब बात देश के सम्मान और अपने परिवार की प्रतिष्ठा की आती है, तो वे चुप नहीं रह सकते। उन्होंने कहा कि जो कुछ बीते 48 घंटों में हुआ है, उसके बाद अरशद नदीम की एनसी क्लासिक में भागीदारी का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने साफ कहा कि उनका देश और उसके हित हमेशा सर्वोपरि रहेंगे।

नीरज ने यह भी लिखा कि जो लोग अपने लोगों के नुकसान से जूझ रहे हैं, उनके लिए उनकी प्रार्थनाएं और संवेदनाएं हैं। वे भी बाकी देशवासियों की तरह इस घटना से बेहद आहत और क्रोधित हैं। उन्हें पूरा विश्वास है कि भारत एकजुट होकर इस दुखद घटना का उचित जवाब देगा और दोषियों को न्याय जरूर मिलेगा।

अपने ऊपर उठे सवालों को लेकर नीरज ने कहा कि उन्हें दुख होता है जब उनकी नीयत पर संदेह किया जाता है। उन्होंने लिखा कि वह वर्षों से देश के सम्मान के लिए मैदान में खड़े हैं और फिर भी उन्हें सफाई देनी पड़ रही है। उन्होंने मीडिया के कुछ वर्गों पर झूठी कहानियां फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि केवल इसलिए कि वह जवाब नहीं देते, इसका यह मतलब नहीं कि सब कुछ सच है।

पोस्ट के अंत में नीरज ने यह भी जाहिर किया कि लोगों का बदलता रवैया उन्हें तकलीफ देता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब उनकी मां ने एक साल पहले एक मासूम टिप्पणी की थी, तब उसकी तारीफ हुई थी, लेकिन आज उसी बयान को लेकर वही लोग उनकी मां को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने अपील की कि वह और उनका परिवार साधारण लोग हैं, उन्हें गलत तरीके से पेश न किया जाए।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!