April 28, 2026

PBKS vs DC: बारिश बिगाड़ सकती है प्लेऑफ की तस्वीर, धर्मशाला में आज रोमांच और रोमांस दोनों तय

आईपीएल 2025 का 58वां मुकाबला आज शाम धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा, लेकिन जहां एक ओर फैंस को दोनों टीमों के बीच जबरदस्त भिड़ंत का इंतजार है, वहीं आसमान में मंडराते बादल इस टक्कर में पानी फेर सकते हैं। प्लेऑफ की रेस में खुद को बनाए रखने के लिए दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है, लेकिन मौसम की मार इसे काफी प्रभावित कर सकती है।

प्लेऑफ की रेस में कांटे की टक्कर
अब तक सीजन की 57 लीग मैचों के बाद तीन टीमें (सीएसके, राजस्थान, हैदराबाद) प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी हैं, लेकिन अभी तक एक भी टीम ऐसी नहीं है, जिसने क्वालिफिकेशन पक्का कर लिया हो। ऐसे में टॉप 4 के लिए घमासान सात टीमों के बीच जारी है। इस जंग में पंजाब और दिल्ली दोनों प्रमुख दावेदार हैं और दोनों को अब हर मुकाबला जीतने की जरूरत है।

पंजाब के पास टॉप पर पहुंचने का मौका
पंजाब किंग्स फिलहाल 11 मैचों में 7 जीत के साथ 15 अंकों पर है और तीसरे स्थान पर बनी हुई है। अगर वह यह मुकाबला जीतती है, तो सीधे 17 अंकों के साथ नंबर 1 पर पहुंच सकती है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स 13 अंकों के साथ बाहर खड़ी है और आज जीत मिलने पर वह 15 अंकों के साथ टॉप 4 में शामिल हो सकती है।

बारिश डाल सकती है रोड़ा
मौसम विभाग और Accuweather की रिपोर्ट्स के अनुसार, धर्मशाला में बारिश की 65% संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। ऐसे में DLS नियम के लागू होने की संभावना भी जताई जा रही है। इसके अलावा टॉस की भूमिका भी अहम हो जाती है — बारिश की आशंका को देखते हुए जो भी टीम टॉस जीतेगी, वह पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।

हर गेंद होगी निर्णायक
आईपीएल अब अपने उस मोड़ पर आ चुका है, जहां एक-एक गेंद का महत्व है। यदि यह मुकाबला बारिश की वजह से पूरा नहीं हो पाता या रद्द होता है, तो दोनों टीमों को सिर्फ एक-एक अंक मिलेंगे — जो किसी के भी प्लेऑफ समीकरण को पूरी तरह से उलझा सकता है।

 

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!