परीक्षा पे चर्चा 2026: पीएम मोदी आज छात्रों से करेंगे दूसरा संवाद, देंगे सफलता और तनाव प्रबंधन के मंत्र
परीक्षा पे चर्चा 2026 के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दूसरे सत्र में देशभर के छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित यह वार्षिक कार्यक्रम सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री के आधिकारिक यूट्यूब चैनल और दूरदर्शन पर लाइव प्रसारित किया जाएगा। इस बार परीक्षा पे चर्चा का यह 9वां संस्करण है, जिसमें रिकॉर्ड 4.5 करोड़ से अधिक छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों ने पंजीकरण कराया है।
इस कार्यक्रम का पहला एपिसोड छह फरवरी को प्रसारित हुआ था, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी ने विद्यार्थियों के सवालों का सहज और प्रेरक अंदाज में जवाब दिया था। इसी कड़ी में पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक मिनट 19 सेकेंड का वीडियो भी साझा किया है, जिसमें वह छात्रों से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। वीडियो के जरिए उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास बनाए रखने का संदेश दिया है।
परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत कई नेताओं ने प्रधानमंत्री की सराहना की है। संसद भवन के बाल योगी ऑडिटोरियम में आयोजित सत्र में छात्रों के साथ केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद भी शामिल हुए थे। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री छोटी-छोटी बातों के माध्यम से बच्चों में बड़े सपने देखने की प्रेरणा देते हैं और लगातार छात्रों से संवाद कर उन्हें आगे बढ़ने का मार्ग दिखाते हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने प्रधानमंत्री की संवाद शैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी अभिव्यक्ति बेहद आकर्षक और प्रभावशाली है। कार्यक्रम में शामिल छात्रों में जिज्ञासा, प्रतिभा और सीखने की ललक साफ दिखाई देती है। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि पीएम मोदी ने बच्चों को परीक्षा के तनाव, डर और मानसिक दबाव से निपटने के व्यावहारिक तरीके बताए, साथ ही अभिभावकों की भूमिका पर भी जोर दिया।
भाजपा सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि परीक्षा पे चर्चा सिर्फ परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन की कला सिखाने वाला कार्यक्रम है। इससे छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य को लेकर बेहतर निर्णय लेने में सक्षम बनते हैं।
Share this content:
