पाकिस्तान-अफगानिस्तान बॉर्डर पर भीषण झड़प: अफगान सेना ने उड़ाईं पाकिस्तानी चौकियां, 15 सैनिक ढेर, सीमा पर तनाव चरम पर
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच चल रहा तनाव अब खुले युद्ध का रूप लेता दिख रहा है। शनिवार देर रात अफगान सेना ने पाकिस्तान की कई सीमा चौकियों पर जबरदस्त हमला किया, जिसमें 15 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत की पुष्टि अफगानी मीडिया ने की है। इस जवाबी हमले में अफगान बलों ने पाकिस्तान की कई चौकियों को ध्वस्त कर दिया और एक टैंक पर भी कब्जा कर लिया। दोनों देशों के बीच यह झड़प नंगरहार और कुनार प्रांत के पास डुरंड लाइन पर हुई, जहां हाल के महीनों में गोलीबारी की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं।
सूत्रों के मुताबिक, अफगानिस्तान ने यह हमला पाकिस्तान की ओर से हुए हवाई हमलों के जवाब में किया है। तालिबान सरकार ने दावा किया कि पाकिस्तान ने अफगान क्षेत्र में हवाई हमले किए थे, जिससे कई निर्दोष लोग मारे गए। इसके बाद अफगान इस्लामिक अमीरात की सेनाओं ने शनिवार देर रात पाकिस्तान की चौकियों को निशाना बनाते हुए कड़ी कार्रवाई की। टोलो न्यूज के अनुसार, अफगान बलों ने नंगरहार और कुनार में पाकिस्तानी चौकियों को तबाह किया, जबकि कंधार के मैवंद जिले में पांच पाकिस्तानी सैनिकों ने आत्मसमर्पण कर दिया।
तालिबान के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि उनकी सेनाओं ने पाकिस्तान की दो सीमा चौकियों पर कब्जा कर लिया है। स्थानीय अफगान अधिकारियों ने भी इस दावे की पुष्टि की है। अफगान मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तालिबान की जवाबी कार्रवाई के बाद पाकिस्तान के कई इलाकों में भारी तनाव है और दोनों देशों के बीच सीमा पर सैन्य गतिविधि तेज हो गई है।
वहीं, पाकिस्तान के सुरक्षा अधिकारियों ने भी सीमा पर झड़पों की बात स्वीकार की है। एक अधिकारी ने द गार्जियन को बताया कि “तालिबान बलों ने कई सीमा चौकियों पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हमारी सेना ने भी सख्त कार्रवाई की।” हालांकि पाकिस्तान ने अब तक हवाई हमलों में अपनी भूमिका को स्वीकार या खंडन नहीं किया है। इस्लामाबाद का कहना है कि काबुल टीटीपी (तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान) को पनाह दे रहा है, जो पाकिस्तान में सैकड़ों सैनिकों की हत्या के लिए जिम्मेदार है।
दिलचस्प बात यह है कि यह हमला ऐसे समय हुआ है जब अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी भारत दौरे पर हैं। साल 2021 में तालिबान शासन आने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। माना जा रहा है कि भारत और अफगानिस्तान के बीच बढ़ती नजदीकी पाकिस्तान को रास नहीं आ रही, जिसके चलते उसने पहले हमला किया और अब अफगानिस्तान ने उसका जवाब दिया है। सीमा पर तनाव बढ़ने से दक्षिण एशिया में सुरक्षा स्थिति और भी नाजुक हो गई है।
Share this content:
