April 16, 2026

ओमान जा रहे मालवाहक जहाज में लगी भीषण आग, भारतीय नौसेना बनी संकटमोचक, समय रहते बचाई 14 भारतीयों की जान

रविवार को ओमान जा रहे एक मालवाहक जहाज एमटी यी चेंग 6 में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब उसके इंजन रूम में भीषण आग लग गई और पूरी तरह बिजली आपूर्ति ठप हो गई। यह जहाज भारत के कांडला बंदरगाह से रवाना हुआ था और ओमान के शिनस पोर्ट जा रहा था। जहाज पर पुलाऊ ध्वज था और इसमें 14 भारतीय चालक दल के सदस्य सवार थे। संकट की सूचना मिलते ही ओमान की खाड़ी में तैनात भारतीय नौसेना का स्टील्थ युद्धपोत आईएनएस तबर तत्काल हरकत में आया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

 

भारतीय नौसेना के प्रवक्ता के अनुसार, 29 जून को एमटी यी चेंग 6 से संकट का संदेश मिला था, जिसके तुरंत बाद आईएनएस तबर ने अग्निशमन दल और अत्याधुनिक उपकरणों को जहाज की नाव और हेलीकॉप्टर की मदद से दुर्घटनाग्रस्त जहाज पर भेजा। आग पर काबू पाने के लिए 13 भारतीय नौसैनिकों और 5 चालक दल के सदस्यों ने मिलकर संयुक्त अभियान चलाया। इस त्वरित और साहसी प्रयास के चलते आग की तीव्रता में काफी कमी लाई जा सकी है।

 

यह हादसा गुजरात के कांडला से लगभग 200 समुद्री मील दूर ओमान की खाड़ी में हुआ, जो व्यापारिक जहाजों के लिए एक व्यस्त और रणनीतिक जलमार्ग माना जाता है। जहाज में लगी आग से स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी, लेकिन नौसेना की तत्परता ने एक बड़ा हादसा टाल दिया।

 

इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारतीय नौसेना केवल राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ही नहीं, बल्कि समुद्री आपदाओं में मानवीय मदद के लिए भी पूरी तरह सक्षम और समर्पित है। संकट के समय भारतीय नौसेना की यह भूमिका न केवल सराहनीय है, बल्कि हर भारतीय के लिए गर्व की बात भी है।

 

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!