April 30, 2026

ओमान में बन रहा ट्रंप का अरबों का शहर: मिडिल ईस्ट में चुपचाप उभरता ‘AIDA प्रोजेक्ट’

एक मुसलमान देश में डोनाल्ड ट्रंप अपना ड्रीम सिटी बसा रहे हैं, वो भी अरब सागर के किनारे 430 फीट ऊंची चट्टानों पर। ये कोई सपना नहीं बल्कि हकीकत है जो अब सैटेलाइट तस्वीरों में भी दिखने लगी है। ओमान की राजधानी मस्कट से कुछ ही दूरी पर, यिटी बीच के पास बन रहा है ट्रंप ब्रांड का नया लग्जरी टूरिज्म हब — AIDA, जो सिर्फ एक रियल एस्टेट प्रोजेक्ट नहीं बल्कि ओमान के विजन 2040 का भी अहम हिस्सा है।

खाड़ी देशों में ट्रंप का सबसे महंगा दांव

AIDA प्रोजेक्ट की कुल लागत है करीब 500 मिलियन डॉलर, यानी करीब 43 अरब रुपये। यह प्रोजेक्ट ओमान की अर्थव्यवस्था को तेल के भरोसे से निकालकर टूरिज्म और इंटरनेशनल इन्वेस्टमेंट की दिशा में ले जाने की बड़ी कोशिश है। इस प्रोजेक्ट में शामिल हैं —

Trump International Oman Hotel,

समंदर दिखने वाले Trump Cliff Villas (जिनकी कीमत 8 करोड़ रुपये से ऊपर),

और एक इंटरनेशनल गोल्फ कोर्स।

इन लग्जरी विला और होटल्स की डिमांड अब तेजी से बढ़ रही है, खासकर उन खरीदारों के बीच जो ट्रंप ब्रांड के साथ अपनी पहचान जोड़ना चाहते हैं।

कौन बना रहा है ट्रंप का AIDA?

AIDA प्रोजेक्ट को सऊदी अरब की Dar Global और ओमान की सरकारी संस्था Omran Group मिलकर डेवलप कर रही हैं। यह प्रोजेक्ट कुल 3.5 मिलियन स्क्वायर मीटर में फैला हुआ है और इसमें रेजिडेंशियल यूनिट्स, रेस्टोरेंट्स, स्पा, एडवेंचर स्पोर्ट्स और वर्ल्ड क्लास सुविधाएं शामिल की जा रही हैं। जुलाई 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रोजेक्ट पर जमीन पर तेजी से काम चल रहा है और फरवरी 2025 में National Bank of Oman से फाइनेंशियल मंजूरी भी मिल चुकी है।

ओमान की ‘विजन 2040’ योजना में सबसे अहम भूमिका

AIDA को ओमान सरकार के Vision 2040 का प्रतीक माना जा रहा है। तेल पर निर्भरता कम करने और देश को इंटरनेशनल टूरिज्म का हब बनाने के उद्देश्य से ओमान इस प्रोजेक्ट में अमेरिकी ब्रांड ‘ट्रंप’ का इस्तेमाल एक ग्लोबल सिग्नल के तौर पर कर रहा है। ओमान को उम्मीद है कि इससे विदेशी निवेशकों और अमीर सैलानियों की नजर इस खाड़ी देश पर टिकेगी।

ट्रंप ब्रांड का मिडिल ईस्ट में फैलता साम्राज्य

ओमान सिर्फ एक शुरुआत है। ट्रंप ब्रांड पहले से ही मिडिल ईस्ट के कई देशों में एक्टिव है —

Jeddah, Saudi Arabia में Trump Tower Jeddah (2029 तक तैयार होगा)

Dubai में Trump International Hotel & Tower, जहां दुनिया का सबसे ऊंचा आउटडोर स्विमिंग पूल बनने की योजना है।

AIDA का पहला चरण जिसमें सड़क, बिजली, पानी जैसी सुविधाएं बनेंगी, 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है, जबकि Trump International Hotel के 2028 के अंत तक चालू होने की संभावना है।

राजनीति और बिजनेस की टकराहट

हालांकि ट्रंप ने राष्ट्रपति बनने के बाद अपने बिजनेस अधिकार अपने परिवार को सौंप दिए थे, लेकिन राजनीति और उनके ब्रांड प्रोजेक्ट्स की टाइमिंग अक्सर एक-दूसरे से टकराती रही है। कई बार उन पर यह आरोप लगे हैं कि उनके ब्रांड के प्रोजेक्ट्स उन्हीं देशों में उभरते हैं, जिनसे उनके राजनीतिक रिश्ते बेहतर होते हैं।

AIDA, अब सिर्फ एक रियल एस्टेट प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि ट्रंप की वैश्विक महत्वाकांक्षाओं का अगला पड़ाव बन चुका है — एक ऐसा सपना, जो एक अरब देश में, समुद्र की लहरों के ऊपर, ट्रंप टावर की तरह धीरे-धीरे उभर रहा है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!