नोएडा से एयरपोर्ट सफर अब सिर्फ 20 मिनट में, पीएम मोदी ने दिया दिल्ली-एनसीआर को नया तोहफ़ा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को हरियाणा में करीब 11,000 करोड़ रुपये की लागत से दो बड़े राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें देश का पहला 8 लेन का अर्बन एलिवेटेड द्वारका एक्सप्रेसवे और अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-II) शामिल हैं। इन परियोजनाओं से दिल्ली-एनसीआर और गुरुग्राम के लाखों लोगों को लंबे समय से चल रही ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
द्वारका एक्सप्रेसवे को खासतौर पर दिल्ली एयरपोर्ट तक तेज़ और आसान कनेक्टिविटी के लिए बनाया गया है। 29 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे में 18.9 किमी हिस्सा हरियाणा और 10.1 किमी हिस्सा दिल्ली में आता है। यह दिल्ली के महिपालपुर में शिव मूर्ति से शुरू होकर गुरुग्राम के खेड़की दौला टोल प्लाजा तक जाता है। पहले यहां भारी जाम के कारण एक घंटे से ज्यादा का समय लगता था, लेकिन अब नोएडा से दिल्ली एयरपोर्ट तक की यात्रा महज 20 मिनट में पूरी होगी।
इस एक्सप्रेसवे पर देश की सबसे चौड़ी 3.6 किलोमीटर लंबी सुरंग बनाई गई है, जिससे सफर और भी सहज होगा। इसका सीधा लाभ गुरुग्राम, द्वारका, वसंत कुंज और आसपास के इलाकों के निवासियों को होगा। इसके साथ ही फरीदाबाद, मानेसर, सोनीपत, पानीपत और चंडीगढ़ से दिल्ली-एनसीआर आने-जाने वालों का सफर भी तेज़ और सुरक्षित होगा।
इसी के साथ पीएम मोदी ने UER-II को भी जनता को समर्पित किया। यह 75.81 किमी लंबी 6 लेन सड़क दिल्ली का तीसरा रिंग रोड मानी जा रही है। यह अलीपुर से शुरू होकर मुंडका, बक्करवाला, नजफगढ़ और द्वारका होते हुए महिपालपुर के पास दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे से जुड़ती है। 6,445 करोड़ की लागत से बनी इस परियोजना से दिल्ली के कई व्यस्त इलाकों जैसे मुंडका, नजफगढ़ और धौला कुआं पर ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम होगा।
विशेषज्ञों के अनुसार, इन दोनों परियोजनाओं के शुरू होने से न केवल लोगों का सफर समय पर और आरामदायक होगा बल्कि माल ढुलाई की प्रक्रिया भी तेज़ हो जाएगी। दिल्ली के भीड़भाड़ वाले रिंग रोड और नेशनल हाइवेज़ पर दबाव कम होगा। इससे यात्रियों को फ्लाइट और ट्रेन समय पर पकड़ने में सुविधा मिलेगी और दिल्ली-एनसीआर में जाम में फंसने का डर काफी हद तक खत्म हो जाएगा।
Share this content:
