CM योगी की माता सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन, पैतृक गांव पंचूर में ली अंतिम सांस
Photo Source: Social Media
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि पौड़ी गढ़वाल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सर्वेश पंवार ने की है। जानकारी के मुताबिक, सावित्री देवी लंबे समय से बीमार चल रही थीं। शुक्रवार को उन्होंने अपने पैतृक गांव में अंतिम सांस ली। वहीं, उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार में किए जाने की संभावना जताई जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जताया गहरा शोक, बताया अपूरणीय क्षति
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपने शोक संदेश में इस घटना को हृदयविदारक बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं। सीएम धामी ने कहा कि माता का निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
लखनऊ में भाजपा महिला मोर्चा की बैठक में दी गई श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर लखनऊ में आयोजित भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश प्रवास बैठक में भी शोक व्यक्त किया गया। बैठक के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत सावित्री देवी को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे। नेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने की बात कही।
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने जताया शोक, बोले- मातृवियोग की पीड़ा अपूरणीय
उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी के निधन पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में उन्होंने कहा कि माता का स्नेह, आशीर्वाद और संस्कार जीवन की अमूल्य निधि होते हैं। मां का स्थान जीवन में सबसे विशेष होता है और मातृवियोग की पीड़ा अत्यंत गहन एवं अपूरणीय होती है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके समस्त शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पूरे परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। सावित्री देवी के निधन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार में शोक का माहौल है।
Share this content:
