ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर गूंजा सुंदरकांड का स्वर, पीली साड़ियों में उमड़ीं सैकड़ों मातृशक्तियां

लखनऊ। सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्र उत्थान के संकल्प के साथ सनातन ध्वज वाहिका सपना गोयल के नेतृत्व में संचालित राष्ट्रव्यापी अभियान ‘सुंदरकांड महा अभियान, भारत वर्ष की बने पहचान’ के अंतर्गत ऋषिकेश में तीन दिवसीय भव्य तीर्थयात्रा एवं सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जा रहा है। इस आध्यात्मिक अभियान के तहत बुधवार, 18 नवंबर 2026 को आंवला नवमी के पावन अवसर पर जानकी झूला घाट पर सुंदरकांड पाठ किया गया। इसके अगले दिन गुरुवार, 19 नवंबर को मध्याह्न में ऋषिकेश के ऐतिहासिक त्रिवेणी घाट पर सैकड़ों मातृशक्तियों ने सपना गोयल की अगुआई में विशाल सामूहिक सुंदरकांड पाठ किया।

इस दौरान सभी बहनें विशेष रूप से सनातनी परंपरा के अनुरूप पीली साड़ियों में शामिल हुईं। पीले वस्त्रों में सजी मातृशक्तियों की विशाल उपस्थिति से त्रिवेणी घाट पर मानो पीताम्बरी सैलाब उमड़ पड़ा। पूरा घाट परिसर ‘हर हर महादेव’ और ‘जय श्री राम’ के गगनभेदी जयघोषों से गुंजायमान हो उठा। इस तीन दिवसीय आध्यात्मिक अनुष्ठान का अंतिम चरण शुक्रवार, 20 नवंबर को सुबह 11 बजे परमार्थ निकेतन के निकट आयोजित किया जाएगा, जहां एक बार फिर सामूहिक सुंदरकांड पाठ के माध्यम से सनातन चेतना और आध्यात्मिक एकता का संदेश प्रसारित किया जाएगा।

मातृशक्तियों की भागीदारी बनी आकर्षण का केंद्र

त्रिवेणी घाट पर आयोजित इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व राज्यमंत्री संदीप गुप्ता, नगर आयुक्त विजयनाथ शुक्ला तथा श्री गंगा सभा, ऋषिकेश के सचिव राहुल शर्मा सहित अनेक सहयोगी एवं गणमान्य हस्तियां उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने इस आयोजन की भव्यता, मातृशक्तियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता और सपना गोयल के सनातन संस्कृति के प्रति समर्पित प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। विभिन्न शक्तिपीठों से जुड़ी महिलाओं ने श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ इस अनुष्ठान में प्रतिभाग किया। आयोजन में सभ्या पाण्डेय, मीना भार्गव, मीना नोटियाल, किरन रावत, रानी सिंह, विमला देवी, नीतू यादव, सुमन सिंह, इंदु सिंह, रीता शुक्ला, रूबी सिंह, संजू चतुर्वेदी और राधा अग्रवाल सहित सैकड़ों सनातनी बहनें शामिल रहीं। सामूहिक सुंदरकांड पाठ के दौरान भक्ति, अनुशासन और सामूहिक संकल्प का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।

हरिप्रबोधिनी एकादशी पर होगा अभियान का समापन, राष्ट्र शक्तिकरण का दिया संदेश

सपना गोयल ने बताया कि शुक्रवार, 20 नवंबर को हरिप्रबोधिनी एकादशी का पावन पर्व है। यह तिथि देवशयनी एकादशी से प्रारंभ हुए चार महीने के चातुर्मास काल के समापन का प्रतीक मानी जाती है। ऐसे मांगलिक और आध्यात्मिक महत्व वाले अवसर पर ऋषिकेश जैसे पवित्र तीर्थस्थल में तीन दिनों तक लगातार सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन विशेष महत्व रखता है। उनके अनुसार, इस दिव्य तीर्थयात्रा के दौरान तीन बार होने वाला सामूहिक सुंदरकांड पाठ न केवल श्रद्धालुओं की आध्यात्मिक चेतना और आत्मिक उत्थान का माध्यम बनेगा, बल्कि राष्ट्र शक्तिकरण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण प्रयास सिद्ध होगा। उनका मानना है कि सामूहिक भक्ति, धार्मिक अनुष्ठान और सकारात्मक संकल्पों के माध्यम से नकारात्मक शक्तियों को क्षीण कर समाज में सकारात्मक ऊर्जा, एकता और सनातन मूल्यों को मजबूत किया जा सकता है।

‘भारत को पुनः विश्वगुरु के रूप में प्रतिष्ठित करना ही जीवन का लक्ष्य’

सपना गोयल ने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य संतों और ऋषियों की पावन भूमि भारत को एक बार फिर विश्वगुरु के रूप में प्रतिष्ठित करना है। इसी महान उद्देश्य की पूर्ति के लिए वे निरंतर सुंदरकांड महा अभियान को राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार दे रही हैं। उन्होंने बताया कि इस अभियान का संचालन ‘ईश्वरीय स्वप्नाशीष सेवा समिति’ के माध्यम से बिना किसी सरकारी अथवा निजी आर्थिक सहयोग के किया जा रहा है। अभियान की शुरुआत 10 मार्च 2024 को महिला दिवस के उपलक्ष्य में लखनऊ के झूलेलाल घाट पर आयोजित विशाल सामूहिक सुंदरकांड पाठ से हुई थी, जिसमें सपना गोयल के नेतृत्व में पांच हजार से अधिक महिलाओं ने सहभागिता की थी। इसके बाद 23 जून 2024 को पावन तीर्थ नैमिषारण्य में भी भव्य सामूहिक सुंदरकांड महायज्ञ आयोजित किया गया, जिसमें पांच हजार महिलाओं ने भाग लेकर इस आध्यात्मिक अभियान को नई ऊंचाई प्रदान की।

देश के प्रमुख तीर्थस्थलों तक पहुंचा सुंदरकांड महा अभियान

सपना गोयल ने बताया कि सुंदरकांड महा अभियान के अंतर्गत देश के अनेक प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों पर सामूहिक पाठ के आयोजन सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं। इनमें उत्तराखंड के कोटद्वार स्थित प्राचीन सिद्धबली मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर, हरिद्वार की हर की पौड़ी, रुड़की का महादेव मंदिर, चित्रकूट के पावन तीर्थ परिसर रामघाट, प्रयागराज के लेटे हुए हनुमान मंदिर तथा कानपुर के आनंदेश्वर महादेव मंदिर के गंगाजी घाट परिसर में आयोजित भव्य सुंदरकांड पाठ प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त मथुरा स्थित भगवान श्रीकृष्ण जन्मस्थली मंदिर परिसर में भी डेढ़ हजार से अधिक मातृशक्तियों ने एक साथ सुंदरकांड का पाठ किया था।

इसी आध्यात्मिक संकल्प को आगे बढ़ाते हुए 11 सितंबर 2024 से अयोध्या स्थित प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि परिसर में मासिक सुंदरकांड पाठ की परंपरा भी प्रारंभ की गई, जो निरंतर जारी है। सपना गोयल के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना नहीं, बल्कि देशभर की मातृशक्ति को सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ना है, ताकि सामूहिक प्रयासों के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर नई प्रतिष्ठा दिलाई जा सके।

Share this content:

About The Author

You may have missed