इस्कॉन लखनऊ में भक्तिभाव और वैदिक विधि-विधान के साथ मनेगा प्रबोधिनी एकादशी का महापर्व, दिनभर होंगे विशेष धार्मिक आयोजन
लखनऊ। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की देवउत्थान (प्रबोधिनी) एकादशी का पावन पर्व 21 नवंबर को पूरे श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागेंगे और इसी के साथ चातुर्मास की समाप्ति के बाद विवाह सहित विभिन्न मांगलिक एवं शुभ कार्यों का शुभारंभ होगा। इस्कॉन लखनऊ में मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु जी के दिशा-निर्देशन में इस पावन पर्व को अत्यंत हर्षोल्लास, भक्ति और वैदिक विधि-विधान के साथ मनाने की विशेष तैयारियां की गई हैं। मंदिर परिसर में सुबह से लेकर शाम तक विभिन्न आध्यात्मिक अनुष्ठान, हरिनाम संकीर्तन, श्रीमद्भागवतम् कथा, आरती और दीपदान सहित अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आत्मिक जागृति और भक्ति में नवीन ऊर्जा का पर्व है प्रबोधिनी एकादशी
इस पावन पर्व की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महिमा बताते हुए इस्कॉन लखनऊ के मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु जी ने कहा कि प्रबोधिनी एकादशी केवल एक धार्मिक तिथि नहीं, बल्कि आत्मिक जागृति और भक्ति में नवीन ऊर्जा के संचार का विशेष अवसर है। मान्यता है कि भगवान विष्णु आषाढ़ शुक्ल एकादशी से चार माह की योगनिद्रा में चले जाते हैं और कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागृत होते हैं। भगवान के जागने के साथ ही सृष्टि में शुभता, मांगलिकता और आध्यात्मिक उत्साह का संचार होता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भगवान के जागरण के साथ शुभ कार्यों का आरंभ होता है, उसी प्रकार प्रत्येक जीव को भी अज्ञान और मोह की निद्रा त्यागकर भगवान के पवित्र नामों के संकीर्तन तथा भक्ति मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। यह पर्व जीवन में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने और भगवान के प्रति अपनी श्रद्धा एवं समर्पण को और अधिक प्रगाढ़ बनाने की प्रेरणा देता है।
सुबह मंगला आरती से शुरू होंगे धार्मिक आयोजन, शाम को होगा भव्य दीपदान
इस्कॉन लखनऊ मंदिर में देवउत्थान एकादशी के अवसर पर दिनभर विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों की शुरुआत प्रातःकाल मंगला आरती, नृसिंह आरती और तुलसी आरती से होगी। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को श्री श्री राधा रमण बिहारी जी के दिव्य श्रृंगार दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा। मंदिर में पूरे दिन हरिनाम संकीर्तन के माध्यम से भक्तिमय वातावरण बनाया जाएगा। इसके साथ ही प्रातः 06:30 बजे मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु जी की अमृतवाणी में श्रीमद्भागवतम् से भगवान की दिव्य लीलाओं एवं आध्यात्मिक प्रसंगों का श्रवण कराया जाएगा। सायंकाल संध्या आरती के पश्चात भव्य दीपदान का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु भक्तिभाव के साथ सहभागिता करेंगे। इस अवसर पर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एकादशी विशेष फलाहार एवं प्रसाद की भी व्यवस्था की गई है।
एकादशी व्रत के साथ पारण का भी रखें विशेष ध्यान
मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु जी ने श्रद्धालुओं से देवउत्थान एकादशी पर व्रत एवं धार्मिक नियमों का श्रद्धापूर्वक पालन करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि 21 नवंबर, शनिवार को एकादशी के अवसर पर अन्न ग्रहण न करें तथा अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार एकादशी व्रत का पालन करें। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि एकादशी व्रत रखने के साथ-साथ अगले दिन द्वादशी तिथि को निर्धारित समय में व्रत का पारण करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। वैष्णव परंपरा के अनुसार व्रत का पारण 22 नवंबर को प्रातः 06:31 बजे से 10:05 बजे के मध्य अवश्य कर लेना चाहिए। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से निर्धारित समय का ध्यान रखते हुए विधिपूर्वक पारण करने का आग्रह किया।
इस्कॉन लखनऊ की नगरवासियों और श्रद्धालुओं से मंदिर पहुंचने की अपील
इस मंगलमय अवसर पर इस्कॉन लखनऊ की ओर से नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं को सपरिवार मंदिर पधारने के लिए सादर आमंत्रित किया गया है। मंदिर प्रबंधन ने सभी भक्तों से अपील की है कि वे देवउत्थान एकादशी के इस पावन अवसर पर श्री श्री राधा रमण बिहारी जी के दिव्य दर्शन करें तथा हरिनाम संकीर्तन, श्रीमद्भागवतम् कथा, आरती और महाप्रसाद का पुण्य लाभ प्राप्त करें। मंदिर प्रबंधन के अनुसार इस आयोजन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को भगवान की भक्ति, आध्यात्मिक चेतना और सनातन परंपराओं से जोड़ना है।
Share this content:
