चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का लखनऊ में दिखेगा असर, 21-22 नवंबर को बारिश के आसार, फिर बढ़ेगी ठिठुरन
Image Source: Social Media
लखनऊ। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर अब उत्तर प्रदेश के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, इस तूफान के प्रभाव से 21 और 22 नवंबर को प्रदेश के पूर्वांचल के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद एक बार फिर न्यूनतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे प्रदेश में ठंड का असर और बढ़ने के आसार हैं।
वहीं, लखनऊ में फिलहाल मौसम साफ रहने और दिन में तेज धूप खिलने का अनुमान है। गुरुवार सुबह शहर में हल्की धुंध देखने को मिली, लेकिन कुछ ही देर बाद आसमान साफ हो गया और धूप निकल आई। मौसम विभाग के मुताबिक, आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इससे पहले बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने से 3 से 6 डिग्री तक लुढ़का तापमान
पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद प्रदेश में ठंडी और शुष्क उत्तरी-पश्चिमी हवाओं ने जोर पकड़ लिया है। इसके चलते पिछले 72 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन और रात के तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। तापमान में गिरावट के कारण कई इलाकों में पारा सामान्य या सामान्य से नीचे पहुंच गया है। वहीं, वातावरण में नमी कम होने से सुबह के समय कोहरे का घनत्व भी घटा है। इससे लोगों को घने कोहरे से राहत मिली है और सुबह के समय दृश्यता में सुधार देखने को मिल रहा है।
20 नवंबर से बदलेगी हवाओं की दिशा, पहले बढ़ेगा तापमान
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से 20 नवंबर से हवाओं की दिशा में बदलाव होने की संभावना है। इसके चलते न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, यह राहत ज्यादा दिनों तक रहने की उम्मीद नहीं है। 21 और 22 नवंबर को पूर्वांचल के कुछ इलाकों में संभावित हल्की से मध्यम बारिश के बाद मौसम एक बार फिर करवट लेगा। बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने का अनुमान है।
बारिश के बाद फिर बढ़ेगी ठिठुरन
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में प्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। पहले हवाओं की दिशा बदलने से तापमान में मामूली बढ़ोतरी होगी, लेकिन बारिश के बाद ठंडी हवाओं के प्रभाव से रात के तापमान में तेजी से गिरावट आ सकती है। ऐसे में नवंबर के आखिरी दिनों में ठंड का असर और तेज होने की संभावना है।
Share this content:
