लखनऊ में बीआर्क की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पिता ने जताई हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके में बीआर्क की 22 वर्षीय छात्रा शिवानी मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छात्रा का शव अशरफ विहार कॉलोनी स्थित शक्ति अपार्टमेंट के किराए के फ्लैट में मिला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 18 नवंबर की शाम उसकी सहेली नौकरी से वापस लौटी तो फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुलने पर उसने अपार्टमेंट के गार्ड की मदद ली और सीढ़ियों की तरफ से अंदर पहुंची। कमरे में शिवानी जमीन पर बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। आनन-फानन में उसे लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर पंखे से दुपट्टा लटकता मिला, जबकि कमरे में रखी एक डायरी से पुराना सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। हालांकि, छात्रा के पिता ने बेटी की मौत को लेकर सवाल उठाए हैं और हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, शिवानी मिश्रा मूल रूप से प्रयागराज जिले के ग्राम लेदहा, थाना नवाबगंज की रहने वाली थी। वह लखनऊ के चिनहट क्षेत्र स्थित अशरफ विहार कॉलोनी के शक्ति अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 205 में अपनी दो सहेलियों के साथ किराए पर रहती थी। तीनों बीबीडी में पढ़ाई के साथ नौकरी भी करती थीं। 18 नवंबर की शाम करीब आठ बजे शिवानी की सहेली रिया मिश्रा नौकरी से फ्लैट लौटी तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी कोशिश के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसने अपार्टमेंट के गार्ड की मदद से सीढ़ियों की ओर से अंदर जाने का रास्ता बनाया। कमरे में पहुंचने पर शिवानी जमीन पर बेहोश पड़ी मिली। इसके बाद रिया ने अपने परिचित अभिषेक चौधरी को सूचना दी और उनकी मदद से शिवानी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
कमरे में मिला पुराना सुसाइड नोट, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही चिनहट पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर कमरे का निरीक्षण कराया। जांच के दौरान कमरे में लगे पंखे से दुपट्टा लटकता मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। इसके अलावा कमरे में रखी डायरी की जांच के दौरान एक पुराना सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। पुलिस फिलहाल नोट की सामग्री और उससे जुड़े तथ्यों का अवलोकन कर रही है, ताकि छात्रा की मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली और सुरक्षा गार्ड से पूछताछ की है। शुरुआती जांच में पुलिस को फिलहाल कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है, लेकिन मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पिता ने जताई हत्या की आशंका, एफआईआर दर्ज करने की मांग
दूसरी ओर, शिवानी के पिता ने बेटी की मौत को सामान्य घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आनी चाहिए। पिता ने चिनहट थाने में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिजनों की आशंकाओं के बाद पुलिस भी मामले को गंभीरता से लेते हुए उनके द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह: पुलिस
इंस्पेक्टर चिनहट के मुताबिक, छात्रा की मौत के मामले में परिजनों की ओर से बताए गए सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, गार्ड से पूछताछ और डायरी में मिले सुसाइड नोट की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या की आशंका के साथ ही परिजनों की ओर से जताई गई हत्या की आशंका समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
Share this content:
