रोहित शर्मा ने फैमिली फुल हाउस में बताया वह एक आदत, जो पत्नी रितिका को बिल्कुल पसंद नहीं है, दर्शेकों सुनाया मजेदार किस्सा

भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा अपनी शानदार बल्लेबाजी के साथ-साथ अपने मजाकिया अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं। हाल ही में वह शो ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ में नजर आए, जहां उन्होंने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। इस दौरान रोहित ने अपनी ऐसी रोजमर्रा की आदत का खुलासा किया, जिसे उनकी पत्नी रितिका सजदेह बिल्कुल पसंद नहीं करती हैं। रोहित ने बताया कि उन्हें नाखून चबाने की आदत है और इस बात को लेकर रितिका अक्सर उन्हें डांट लगाती हैं। खास बात यह है कि रितिका उनसे कितनी भी दूर क्यों न हों, उनकी नजर इस आदत पर बनी रहती है।

शो के दौरान प्रतियोगी जैस्मी ने रोहित शर्मा से सवाल किया कि उनकी ऐसी कौन-सी आदत है, जिसके लिए रितिका उन्हें अक्सर टोकती रहती हैं। इस पर रोहित ने बिना किसी झिझक के बताया कि उनकी नाखून चबाने की आदत रितिका को बिल्कुल पसंद नहीं है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि अगर रितिका उन्हें नाखून चबाते हुए देख लेती हैं, तो वह तुरंत उन्हें रोकने की कोशिश करती हैं। इतना ही नहीं, अगर दोनों के बीच काफी दूरी भी हो, तब भी रितिका इस मामले में कोई ढील नहीं देतीं।

दूर रहकर भी रोहित की इस आदत पर रखती हैं नजर

दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा ने इस दिलचस्प किस्से को साझा करते हुए कहा, “मेरे नाखून चबाने पे। उसको बहुत गुस्सा आता है। भले ही वह 15-20 फीट या 20 किमी दूर हो, और उसको कहीं से दिखेगा कि मैं नाखून चबा रहा हूं, तो वह उधर से भाग के आ जाएगी। अगर मैं कहीं पे खेल रहा हूं और वह भारत में है और मैं भारत के बाहर हूं या बॉम्बे में नहीं हूं, बॉम्बे के बाहर हूं, तो वो जो मेरे आस-पास वाले लोग जो भी रहेंगे, उसको फोन करके बोलेगी, उसके हाथ पे मार, ज़ोर से।”

पति-पत्नी की प्यारी नोकझोंक ने खींचा ध्यान

रोहित शर्मा का यह खुलासा दर्शाता है कि रितिका उनकी छोटी-छोटी आदतों पर भी कितनी बारीकी से ध्यान देती हैं। रोहित ने जिस अंदाज में यह किस्सा सुनाया, उससे दोनों के बीच की मजेदार नोकझोंक और आपसी समझ की झलक देखने को मिली। अक्सर पति-पत्नी के बीच रोजमर्रा की छोटी-छोटी बातों को लेकर ऐसी नोकझोंक होती रहती है और रोहित-रितिका का यह किस्सा भी कुछ ऐसा ही है। शो में रोहित की इस बेबाक बात ने माहौल को हल्का-फुल्का बना दिया और दर्शकों को उनकी निजी जिंदगी का एक दिलचस्प पहलू जानने का मौका मिला। ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ का प्रसारण हर शनिवार और रविवार रात 9:30 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर किया जाता है। इसके अलावा दर्शक इस शो का आनंद सोनी लिव पर भी उठा सकते हैं।

 

Share this content:

About The Author

You may have missed