झांसी एसबीआई हॉफ मैराथन में लखनऊ के सतविंदर सिंह ने दिखाया दम: 2 घंटे 5 मिनट में पूरी की 21.9 किमी की दौड़
लखनऊ। स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने, खेल और रनिंग संस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा एकता और सामुदायिक भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से रविवार, 1 नवंबर को झांसी में एसबीआई हॉफ मैराथन का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में लखनऊ निवासी एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष युवा स. सतविंदर सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 21.9 किलोमीटर की हॉफ मैराथन को महज 2 घंटे 5 मिनट में पूरा किया। उनकी इस उपलब्धि से लखनऊ का नाम गौरवान्वित हुआ। सिंह ने अपनी इस सफलता के माध्यम से युवाओं को खेल, शारीरिक व्यायाम और नियमित दौड़ को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के साथ ही स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन जीने का प्रेरणादायक संदेश दिया।
झांसी के ऐतिहासिक झोकन बाग से प्रातः 5:30 बजे शुरू हुई इस हॉफ मैराथन में 300 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में स. सतविंदर सिंह ने पूरे जोश, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ दौड़ पूरी कर अपनी फिटनेस और खेल के प्रति समर्पण का परिचय दिया। उनकी इस उपलब्धि पर भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की ओर से उन्हें मैडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
मुंबई में भी राष्ट्रीय स्तर की हॉफ मैराथन पूरी कर चुके हैं सतविंदर सिंह
गौरतलब है कि सतविंदर सिंह इससे पूर्व विगत 4 अक्टूबर को मुंबई में भारतीय वायु सेना द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की ‘सेखोन इंडियन हॉफ मैराथन’ में भी प्रतिभाग कर चुके हैं। उन्होंने इस प्रतियोगिता को 2 घंटे 20 मिनट में सफलतापूर्वक पूरा किया था। इस प्रकार लगातार दूसरी राष्ट्रीय स्तर की हॉफ मैराथन पूरी कर उन्होंने खेल और फिटनेस के प्रति अपने जुनून, निरंतर अभ्यास और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया है।
उपलब्धि पर परिजनों और क्षेत्रवासियों ने दी बधाई
सतविंदर सिंह की इस लगातार दूसरी उपलब्धि पर उनके बड़े भाई एवं खालसा इंटर कॉलेज, लखनऊ के प्रधानाचार्य स. विरेंद्र सिंह, एडवोकेट अरुण शुक्ला, पत्रकार सतवीर सिंह, सतेन्द्र यादव सहित क्षेत्र के गणमान्य लोगों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त किया। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उम्मीद जताई कि उनकी यह उपलब्धि युवाओं को खेल एवं फिटनेस के प्रति जागरूक होने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।
Share this content:
