IPL 2025 Final: कौन बनेगा करोड़ों का हकदार? चैंपियन और रनरअप टीम पर बरसेगा पैसा, जानिए पूरी इनामी राशि
आईपीएल 2025 का फाइनल मुकाबला आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाएगा। मैच को लेकर जितना उत्साह मैदान में दिख रहा है, उतनी ही उत्सुकता फैंस के बीच प्राइज मनी को लेकर भी है। हर किसी के मन में सवाल है—जो टीम आईपीएल की ट्रॉफी उठाएगी, उसे आखिर कितनी धनराशि मिलेगी?
फाइनल की चमक के साथ चमकेगी इनामी राशि
भले ही बीसीसीआई या आईपीएल की ओर से इस बार प्राइज मनी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि 2022 से चली आ रही इनामी राशि ही इस बार भी लागू की जाएगी। यदि ऐसा होता है तो विजेता टीम को ₹20 करोड़ मिलेंगे, जबकि फाइनल हारने वाली टीम यानी रनरअप को ₹13.5 करोड़ की राशि मिलेगी।
सिर्फ विजेता ही नहीं, ये टीमें भी होंगी मालामाल
प्राइज मनी सिर्फ फाइनल तक सीमित नहीं है। जो टीमें क्वालीफायर-2 और एलिमिनेटर में हारकर बाहर हुई हैं, उन्हें भी बड़ी धनराशि दी जाती है। क्वालीफायर-2 से बाहर हुई टीम को ₹7 करोड़, जबकि एलिमिनेटर में हारने वाली टीम को ₹6.5 करोड़ की प्राइज मनी मिलेगी।
व्यक्तिगत पुरस्कारों पर भी होगी पैसों की बरसात
टूर्नामेंट के अंत में जिन खिलाड़ियों का व्यक्तिगत प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहा है, उन्हें भी लाखों रुपये इनाम में मिलते हैं:
ऑरेंज कैप (सर्वाधिक रन): ₹10 लाख
पर्पल कैप (सर्वाधिक विकेट): ₹10 लाख
इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन: ₹20 लाख
इतिहास रचने की कगार पर श्रेयस अय्यर
इस बार पंजाब किंग्स की कमान श्रेयस अय्यर के हाथ में है और उनके पास एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने का सुनहरा मौका है। अगर पंजाब किंग्स फाइनल जीत जाती है, तो अय्यर आईपीएल इतिहास के पहले ऐसे कप्तान बन जाएंगे, जिन्होंने दो अलग-अलग फ्रेंचाइज़ी को चैंपियन बनाया हो। इससे पहले वे कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ खिताब जीत चुके हैं।
वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कप्तानी इस बार रजत पाटीदार के हाथ में है और फैंस को उम्मीद है कि वे टीम को पहली बार खिताबी जीत दिला सकते हैं।
अब देखना ये है कि अहमदाबाद की शाम किसके नाम होती है—बेंगलुरु की पहली ट्रॉफी या पंजाब का इतिहास? और करोड़ों की इनामी राशि किसकी झोली में जाती है।
Share this content:
