मोटापा है बीमारियों की जड़, कैंसर का भी बढ़ाता है खतरा : एम्स

भारत में मोटापा तेजी से एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या बनता जा रहा है। ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स) के डॉक्टरों ने लोगों को इसके खतरों को लेकर आगाह किया है। गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट डॉ. दीपक गुंजन ने बताया कि मोटापा सिर्फ दिखने से जुड़ी परेशानी नहीं है, बल्कि इसके कारण शरीर में कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि जब शरीर में फैट बढ़ता है तो फैट सेल्स एक सक्रिय अंग की तरह व्यवहार करने लगते हैं और हानिकारक हार्मोन छोड़ते हैं, जो कैंसर तक को जन्म दे सकते हैं।

 

डॉ. गुंजन के अनुसार, मोटापा कोलन कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर और पेट के कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों की आशंका को बढ़ाता है। इसके अलावा, यह दिल की बीमारियों, नींद में रुकावट (स्लीप एप्निया), मांसपेशियों की कमजोरी और अन्य कई शारीरिक समस्याओं का कारण भी बन सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि समय रहते वजन पर नियंत्रण पाकर इन बीमारियों से बचाव संभव है। बीएमआई (बॉडी मास इंडेक्स) के जरिए व्यक्ति अपने वजन का अनुमान लगाकर मोटापे का मूल्यांकन कर सकता है।

 

खानपान की आदतों पर जोर देते हुए डॉक्टर ने बताया कि अत्यधिक नमक और चीनी का सेवन सेहत के लिए बहुत नुकसानदेह है। उन्होंने कहा कि चीनी एक नया अविष्कार है और इसकी आवश्यकता शरीर को अतिरिक्त रूप से नहीं होती, क्योंकि कार्बोहाइड्रेट से भी शरीर को पर्याप्त शुगर मिल जाती है। वहीं, नमक को पूरी तरह छोड़ना संभव नहीं, लेकिन इसकी मात्रा 5 ग्राम प्रतिदिन से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।

 

मोटापे से संबंधित एक अन्य चिंता फैटी लिवर डिजीज को लेकर भी है। डॉ. गुंजन के मुताबिक, खराब जीवनशैली इसका प्रमुख कारण है और यह भी कैंसर का कारण बन सकता है। अत्यधिक तेल, शराब का सेवन और निष्क्रिय जीवनशैली से फैटी लिवर की समस्या बढ़ रही है, जिसे समय रहते सुधारा जा सकता है।

 

अंत में, डॉ. गुंजन ने स्वस्थ जीवन के लिए तीन बातें सबसे अहम बताईं – संतुलित आहार, अच्छी नींद और नियमित व्यायाम। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे बैंक में जितना पैसा जमा करते हैं उतना ही निकालें, तब बैलेंस बना रहता है, वैसे ही शरीर में जितनी कैलोरी लेते हैं, उतनी खर्च भी करें। नहीं तो वह अतिरिक्त कैलोरी फैट बनकर जमा हो जाती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!