72वीं मिस वर्ल्ड का ताज किसने पहना? तेलंगाना से सामने आई चौंकाने वाली विनर
तेलंगाना के हाईटेक्स प्रदर्शनी केंद्र में 31 मई की रात एक ऐतिहासिक और चकाचौंध भरा पल सामने आया, जब दुनिया की सबसे खूबसूरत महिलाओं के बीच मुकाबले में एक अप्रत्याशित नाम ने बाजी मार ली। ‘मिस वर्ल्ड 2025’ का ताज इस बार थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंगसरी के सिर सजा, जिन्होंने अपने आत्मविश्वास, बुद्धिमत्ता और आकर्षक व्यक्तित्व से जजों और दर्शकों का दिल जीत लिया।
यह भव्य समारोह न केवल अपनी चमक-धमक के लिए बल्कि अपनी निर्णायक घड़ी के लिए भी याद रखा जाएगा, जब पिछली मिस वर्ल्ड विजेता क्रिस्टीना पिस्जकोवा ने ओपल को विजेता घोषित कर उनके सिर पर मिस वर्ल्ड का प्रतिष्ठित ताज सजाया। इस क्षण में थाईलैंड की ओपल ने इथियोपिया, पोलैंड और मार्टीनिक जैसी मजबूत दावेदारों को मात दी और 108 प्रतिभागियों के बीच सबसे ऊपर रहीं।
कौन हैं ओपल सुचाता चुआंगसरी?
फुकेत में पली-बढ़ी ओपल सुचाता पेशे से एक मॉडल और इंटरनेशनल रिलेशंस की स्टूडेंट हैं। वह पहले भी कई सौंदर्य प्रतियोगिताएं जीत चुकी हैं और इंटरनेशनल मिस यूनिवर्स 2024 (मैक्सिको सिटी) में थर्ड रनर-अप रह चुकी हैं। मिस वर्ल्ड थाईलैंड 2025 का खिताब जीतने के बाद उन्होंने अब विश्व सुंदरी बनने तक का सफर तय कर लिया है।
टॉप 3 में किन कंटेस्टेंट्स ने बनाई जगह?
ओपल सुचाता की जीत से पहले, इथियोपिया की हैसेट डेरेजे फर्स्ट रनर-अप बनीं, जबकि पोलैंड की माजा क्लाजदा को सेकेंड रनर-अप का खिताब मिला। मार्टीनिक की ऑरली जोआचिम थर्ड रनर-अप रहीं। इस बार कुल 108 देशों से प्रतियोगियों ने भाग लिया था, जिनमें से भारत की नंदिनी गुप्ता भी एक थीं। हालांकि नंदिनी टॉप 20 तक पहुंचने में कामयाब रहीं, लेकिन टॉप 8 में जगह नहीं बना सकीं।
फिनाले में जज और मेहमानों की रही खास मौजूदगी
इस शानदार इवेंट की जजिंग पैनल में कई नामचीन हस्तियां शामिल थीं। अभिनेता सोनू सूद न केवल निर्णायक पैनल का हिस्सा रहे, बल्कि उन्हें ‘मिस वर्ल्ड ह्यूमैनिटेरियन अवॉर्ड’ से भी सम्मानित किया गया। पूर्व मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर, अभिनेता राणा दग्गुबाती, नम्रता शिरोडकर और साउथ सुपरस्टार चिरंजीवी ने भी इस ऐतिहासिक आयोजन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। वहीं, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवनाथ रेड्डी भी दर्शकों के बीच मौजूद रहे।
इस ग्रैंड इवेंट ने भारत को एक नई ग्लोबल पहचान दिलाई और तेलंगाना के हाईटेक्स एग्जिबिशन सेंटर को एक वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठा दिलाई। ओपल की जीत ने यह साबित कर दिया कि सुंदरता के साथ-साथ आत्मविश्वास और सामाजिक दृष्टिकोण भी इस मंच पर निर्णायक होते हैं।
Share this content:
