अमूल दूध भी गुरुवार से ₹2 प्रति लीटर महंगा, जानिए अब कितनी चुकानी होगी कीमत
मदर डेयरी के बाद अब अमूल ने भी अपने दूध की कीमतों में ₹2 प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने की घोषणा की है। यह मूल्य वृद्धि गुरुवार से लागू हो गई है और अमूल स्टैंडर्ड, अमूल भैंस दूध, अमूल गोल्ड, अमूल स्लिम एंड ट्रिम, अमूल चाय माज़ा, अमूल ताज़ा और अमूल गाय के दूध सहित सभी प्रमुख वैरिएंट्स पर लागू होगी। अमूल द्वारा यह कदम मदर डेयरी की ओर से 30 अप्रैल को की गई मूल्य वृद्धि के एक दिन बाद उठाया गया है।
नई कीमतों के अनुसार, 1 लीटर अमूल भैंस दूध अब 71 रुपये की जगह 73 रुपये में मिलेगा, जबकि 500 मिलीलीटर पैक 36 रुपये की जगह 37 रुपये में मिलेगा। अमूल गोल्ड का 1 लीटर पैक 65 रुपये से बढ़कर 67 रुपये हो गया है और 500 मिलीलीटर का दाम 33 रुपये से बढ़कर 34 रुपये कर दिया गया है। अमूल टी स्पेशल दूध अब 1 लीटर के लिए 63 रुपये में मिलेगा, जो पहले 61 रुपये था। अमूल शक्ति दूध का 500 मिलीलीटर पैक अब 31 रुपये में मिलेगा, जो पहले 30 रुपये था।
इसके अलावा, अमूल ताजा दूध की कीमत भी 1 लीटर के लिए 53 रुपये से बढ़कर 55 रुपये हो गई है और इसका 500 मिलीलीटर पैक 27 रुपये की जगह अब 28 रुपये का हो गया है। अमूल गाय दूध का 500 मिलीलीटर पैक अब 29 रुपये में मिलेगा, जो पहले 28 रुपये में उपलब्ध था। वहीं SNT मिल्क की कीमत 24 रुपये से बढ़ाकर 25 रुपये कर दी गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अमूल और मदर डेयरी द्वारा की गई मूल्य वृद्धि के बाद अन्य डेयरी कंपनियां भी अपने उत्पादों के दाम बढ़ा सकती हैं। ऐसे में घरेलू बजट पर इसका सीधा असर पड़ने की संभावना है। महंगाई के इस दौर में आवश्यक उपभोक्ता वस्तुओं की बढ़ती कीमतें आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल रही हैं।
Share this content:
