मेरठ: भाजपा पार्षद ने नगर निगम ड्राइवर को मारी गोली, कर्मचारी हड़ताल पर
मेरठ के सूरजकुंड डिपो में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब भाजपा के वार्ड 18 से पार्षद रविंद्र ने नगर निगम के ड्राइवर अविनाश कुमार को गोली मार दी। गोली अविनाश के पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर कई थानों की पुलिस पहुंच गई। भीड़ ने आरोपी पार्षद को पकड़ लिया, जबकि उसके बाकी साथी मौके से फरार हो गए।
घायल ड्राइवर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह इंचोली थाना क्षेत्र के लावड़ गांव का रहने वाला है और नगर निगम में बतौर ड्राइवर तैनात है। बताया जा रहा है कि हमले से पहले आरोपी पार्षद ने अविनाश को फोन पर धमकी दी थी।
गवाहों के अनुसार, रविंद्र करीब एक दर्जन साथियों के साथ डिपो पहुंचा और वहां मौजूद कर्मचारियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली अविनाश और एक अन्य कर्मचारी को लगी। हमले के बाद कर्मचारियों ने आरोपी पार्षद को पकड़ लिया और जमकर पिटाई की। किसी ने कुर्सी से हमला कर उसका सिर भी फोड़ दिया।
पुलिस ने पार्षद रविंद्र को मौके से गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से वारदात में इस्तेमाल हुई पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।
इस घटना के विरोध में नगर निगम के करीब 5,000 कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। सफाई, कूड़ा उठान और जलापूर्ति जैसी जरूरी सेवाएं पूरी तरह ठप हो गई हैं। कर्मचारियों ने पार्षद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Share this content:
