मेरठ: सरधना में ताजिये के जिम्मेदार को गोली मारी, आक्रोश में रुका मुहर्रम जुलूस, मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के सरधना कस्बे में मुहर्रम के दौरान बड़ा बवाल हो गया। मोहल्ला ऊंचापुर निवासी कादिर बेग (50), जो मुहर्रम ताजिये के जिम्मेदार और पेशे से ट्रांसपोर्टर हैं, उन्हें शनिवार रात आरोपी शुएब उर्फ टिड्डी ने शराब के नशे में गोली मार दी। घटना के समय मोहल्ले में ताजिया निकालने की तैयारी चल रही थी। गाली-गलौज के विरोध में कादिर घर चले गए, लेकिन थोड़ी देर बाद शुएब अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और उन पर फायरिंग कर दी।
गोली कादिर के बाएं कंधे में लगी, जिन्हें पहले सीएचसी और फिर मेरठ के जसवंत राय अस्पताल में भर्ती कराया गया। वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया और रविवार दोपहर दो बजे निकलने वाला ताजिया जुलूस रोक दिया गया। ऊंचापुर, सराय अफगानान और आजादनगर के लोगों ने सुरक्षा के अभाव में जुलूस ना निकालने का निर्णय लिया।
पुलिस की लापरवाही पर लोग भड़क उठे और एसएसपी से संपर्क कर घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद थाना प्रभारी प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। करीब तीन घंटे बाद शाम पांच बजे ताजिया जुलूस शांतिपूर्वक निकाला गया।
इस बीच पुलिस ने साढ़े नौ घंटे बाद आरोपी शुएब को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गोली लगने से वह घायल हुआ और उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है।
Share this content:
