मेरठ: मां-बेटी का अफेयर बना हत्याकांड की वजह, प्रेमियों संग मिलकर किसान सुभाष की कराई हत्या
उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक हैरान कर देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जिसमें एक किसान की हत्या में उसकी पत्नी और बेटी ही शामिल पाई गईं। प्रेम-प्रसंग का विरोध करने पर पत्नी कविता और छोटी बेटी सोनम ने अपने-अपने प्रेमियों के साथ मिलकर सुभाष उपाध्याय की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम भी दिया। यह मामला मेरठ के जानी खुर्द इलाके का है, जहां 23 जून की रात सुभाष की खेत से लौटते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
हत्या के बाद सुभाष के बेटे आयुष ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया था। इसके बाद जानी पुलिस, सर्विलांस और स्वॉट टीम की संयुक्त जांच में सनसनीखेज खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि सुभाष अपनी पत्नी कविता और बेटी सोनम के प्रेम-प्रसंग का विरोध करता था और इसी वजह से अक्सर उन्हें फटकारता था। यह बात दोनों को इतनी नागवार गुज़री कि उन्होंने सुभाष को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
पुलिस ने सोमवार को इस मामले का खुलासा करते हुए हत्या में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में कविता, उसकी बेटी सोनम, कविता का प्रेमी गुलजार (निवासी सिसौला), सोनम का प्रेमी विपिन (निवासी जवाहरनगर कंकरखेड़ा) और विपिन का दोस्त अजगर उर्फ शिवम (निवासी जवाहरनगर) शामिल हैं। पुलिस ने अजगर के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया 315 बोर का तमंचा और वारदात में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली है।
बताया जा रहा है कि हत्या की योजना सोनम के प्रेमी विपिन और उसके दोस्त अजगर ने मिलकर बनाई थी। सुभाष जब 23 जून की रात खेत से घर लौट रहे थे, उसी समय दोनों ने उन्हें गोली मार दी। हत्या के बाद यह मामला पूरी तरह से रहस्यमयी बन गया था, लेकिन अब मां-बेटी की गिरफ्तारी और उनकी स्वीकारोक्ति से सच्चाई सामने आ गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर ली है।
यह मामला न सिर्फ रिश्तों के टूटते ताने-बाने को उजागर करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि कैसे पारिवारिक कलह और अवैध संबंध एक संगीन अपराध का रूप ले सकते हैं।
Share this content:
