April 30, 2026

मऊ: एक घंटे तक रॉड और हथौड़ा चलाते रहे चोर, लेकिन ताला नहीं टूटा – थककर लौटे खाली हाथ, CCTV में कैद हुई वारदात

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले से एक अजब-गजब और वायरल खबर सामने आई है। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के चोरपाकला चट्टी स्थित जय मारुति ज्वैलर्स में चोरी की नाकाम कोशिश का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है। तीन चोरों ने आधी रात को दुकान का ताला तोड़ने की कोशिश की, लेकिन एक घंटे की मशक्कत के बाद भी जब ताला नहीं टूटा तो वे हताश होकर बिना चोरी किए लौट गए।

रात करीब 12 से 1 बजे के बीच हुई इस वारदात में चोर पहले लोहे की रॉड से ताले को तोड़ने की कोशिश करते दिखे। वीडियो में एक चोर रॉड को ताले में फंसाकर खुद उस पर चढ़ता है और उछलता है, पर ताला नहीं टूटता। फिर उसका साथी भी मदद के लिए आता है। दोनों मिलकर रॉड पर कूदते हैं, फिर भी ताला जस का तस रहता है। कुछ देर बाद उन्होंने हथौड़ा और ईंटों से भी ताले पर प्रहार किए, लेकिन नतीजा वही – असफलता। आखिरकार थककर तीनों चोर वहां से भाग खड़े हुए।

यह पूरी घटना दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो देखकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं – किसी ने लिखा, “इतनी मेहनत पढ़ाई में करते तो IAS बन जाते!”, तो किसी ने कहा, “इस ताले का ब्रांड बताओ, हमें भी खरीदना है।”

दुकान मालिक दुर्गा प्रसाद ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी ज्वेलरी शॉप अरदौना मोड़ पर स्थित है और चोरों ने ताला और शटर दोनों तोड़ने की कोशिश की थी। हालांकि किसी तरह की चोरी नहीं हो पाई। पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान की जा रही है।

सरायलखंसी थाना प्रभारी पंकज पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला चोरी की असफल कोशिश का लग रहा है। पुलिस चौकी स्तर पर शिकायत दर्ज की गई है और फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। फिलहाल यह घटना न सिर्फ सुरक्षा पर सवाल उठाती है बल्कि चोरों की हास्यास्पद नाकामी के कारण लोगों के बीच चर्चा का विषय भी बन गई है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!