April 30, 2026

पंजाब: एक हफ्ते में दो कबड्डी खिलाड़ियों की हत्या, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर स्पोर्ट्स जगत में दहशत

लुधियाना में बढ़ता गैंगवार, खिलाड़ियों की सुरक्षा पर सवाल

पंजाब में गैंगवार का खौफ अब खेल जगत तक पहुंच गया है। लुधियाना जिले में एक ही हफ्ते के भीतर दो कबड्डी खिलाड़ियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पहली वारदात 31 अक्टूबर को हुई, जब 26 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी तेजपाल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं दूसरी वारदात 4 नवंबर की रात सामने आई, जिसमें 23 वर्षीय गुरविंदर सिंह को चार नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां मार दीं। चौंकाने वाली बात यह है कि गुरविंदर की हत्या की जिम्मेदारी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। लगातार दो खिलाड़ियों की मौत से कबड्डी समुदाय में दहशत और गुस्से का माहौल है।

पहली घटना लुधियाना के बेट क्षेत्र के गांव गिद्दड़विंडी में हुई थी। तेजपाल सिंह अपने दोस्तों के साथ जा रहा था, तभी पुराने विवाद के चलते कुछ युवकों ने उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे करीब 20 मिनट तक पीटा और फिर गोली मार दी। हैरानी की बात यह थी कि यह घटना लुधियाना के SSP ऑफिस से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई, लेकिन किसी पुलिसकर्मी को भनक तक नहीं लगी। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। पुलिस ने दबाव में आकर हरप्रीत सिंह उर्फ हनी और गगनदीप सिंह उर्फ गगना को गिरफ्तार किया, जबकि तीसरा आरोपी अभी फरार है।

दूसरी घटना लुधियाना के समराला ब्लॉक के मांकी गांव में हुई। मंगलवार रात कबड्डी खिलाड़ी गुरविंदर सिंह अपने दोस्तों के साथ सामुदायिक कार्यक्रम की तैयारी कर रहा था, तभी बाइक सवार चार नकाबपोश हमलावरों ने उस पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली लगने से गुरविंदर की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसके साथी धर्मवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। जांच में सामने आया कि यह हमला लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अपराधियों ने किया। गैंग के सदस्यों हरि बॉक्सर और आरजू बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर इस मर्डर की जिम्मेदारी ली है।

हत्या के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि गुरविंदर एक होनहार और शांत स्वभाव का खिलाड़ी था, जिसने कई जिला स्तरीय टूर्नामेंटों में पंजाब का नाम रोशन किया था। गांव में अब मातम का माहौल है और लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया है और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है।

लुधियाना में खिलाड़ियों पर बढ़ते हमलों ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खेल जगत के लोग अब प्रशासन से सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। पंजाब पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की जांच तेज गति से चल रही है और गैंगवार की जड़ तक पहुंचने के लिए इंटर-डिस्ट्रिक्ट ऑपरेशन शुरू किया गया है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!