April 17, 2026

क्लीन स्वीप की शर्म में चमका बाबर का बल्ला, यूनिस खान को पछाड़ रचा नया इतिहास!

क्लीन स्वीप की शर्म में चमका बाबर का बल्ला, यूनिस खान को पछाड़ रचा नया इतिहास!

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में पाकिस्तान को जहां 0-3 की शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा, वहीं टीम के स्टार बल्लेबाज़ बाबर आजम ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। बाबर ने तीसरे वनडे मुकाबले में 50 रनों की सधी हुई पारी खेली और पाकिस्तान के लिए वनडे में सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस स्कोर बनाने के मामले में यूनिस खान को पछाड़ दिया।

तीसरे वनडे में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 264 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तानी टीम 221 रनों पर सिमट गई और 43 रनों से मैच गंवा बैठी। पूरी सीरीज में पाक बल्लेबाज़ों का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। तीसरे वनडे में भी बाबर को छोड़कर कोई बल्लेबाज़ टिक नहीं सका। हालांकि बाबर ने 58 गेंदों पर 4 चौके और 1 छक्के की मदद से 50 रनों की पारी खेली और वनडे करियर में अपना 56वां फिफ्टी प्लस स्कोर पूरा किया।

इस प्रदर्शन के साथ ही बाबर ने पाकिस्तान के दिग्गज बल्लेबाज़ यूनिस खान को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने वनडे क्रिकेट में 55 फिफ्टी प्लस स्कोर बनाए थे। अब बाबर पाकिस्तान के लिए वनडे में पांचवें सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

2015 में वनडे डेब्यू करने वाले बाबर आजम ने अब तक 131 मैचों में 6235 रन बना लिए हैं, जिनमें 19 शतक और 37 अर्धशतक शामिल हैं। वह न सिर्फ पाकिस्तान के भरोसेमंद बल्लेबाज़ बन चुके हैं, बल्कि किसी भी समय मैच का रुख पलटने की क्षमता रखते हैं।

हालांकि बाबर की ये कोशिश भी टीम को जीत नहीं दिला सकी। मोहम्मद रिजवान (37) और अब्दुल्ला शफीक (33) ने शुरुआत तो की, लेकिन वह पारी को लंबा नहीं खींच पाए। न्यूजीलैंड के लिए बेन सियर्स ने शानदार गेंदबाज़ी की और 9 ओवर में सिर्फ 34 रन देकर 5 विकेट झटके।

सीरीज के अंत में पाकिस्तान को क्लीन स्वीप की कड़वी गोली जरूर निगलनी पड़ी, लेकिन बाबर आजम का बल्ला एक बार फिर गरजा और उन्होंने खुद को पाक क्रिकेट का स्तंभ साबित कर दिया।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!