दिल्ली में मनीष सिसोदिया के घर AAP ने मनाई ‘कट्टर ईमानदार’ होली, अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर साधा निशाना

राजधानी दिल्ली में बुधवार को आम आदमी पार्टी ने पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास पर ‘कट्टर ईमानदार होली’ मनाई। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया। पार्टी नेताओं ने इसे अदालत से मिली राहत के बाद ‘सच और ईमानदारी की जीत’ का उत्सव बताया।

 

दरअसल, हाल ही में आबकारी नीति मामले में अदालत ने अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को बड़ी राहत देते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया था। कोर्ट के इस फैसले के बाद AAP नेताओं ने इसे राजनीतिक साजिश की हार और न्याय की जीत करार दिया। कार्यक्रम के दौरान केजरीवाल ने कहा कि पार्टी और उसके नेताओं के खिलाफ झूठा माहौल बनाया गया, लेकिन अंततः सच की जीत हुई।

 

इस मौके पर केजरीवाल ने बीजेपी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि होली जैसे त्योहार पर दिल्ली में शराब की दुकानें खुली रखने का फैसला गलत है। उनका कहना था कि पहले त्योहारों पर ‘ड्राई डे’ रखा जाता था ताकि शांति बनी रहे, लेकिन इस बार सरकार ने परंपरा तोड़ दी। उन्होंने कहा कि यह फैसला सामाजिक दृष्टि से उचित नहीं है और सरकार को इस पर पुनर्विचार करना चाहिए।

 

कार्यक्रम की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए केजरीवाल ने लिखा कि साजिशों और आरोपों के बावजूद आम आदमी पार्टी के रंग फीके नहीं पड़े हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी की असली ताकत ईमानदारी और जनता का भरोसा है, और इसी विश्वास के साथ आगे भी संघर्ष जारी रहेगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!