महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के लिए प्राइज मनी का हुआ ऐलान, 2022 की तुलना में चार गुना बढ़ी इनामी राशि
भारत में 30 सितंबर से शुरू हो रहे महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 को लेकर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बड़ा ऐलान किया है। इस बार टूर्नामेंट की प्राइज मनी में रिकॉर्ड बढ़ोतरी की गई है। आईसीसी ने साफ किया कि विजेता टीम को 4.48 मिलियन डॉलर यानी लगभग 39.4 करोड़ रुपये मिलेंगे। यह राशि 2022 में हुए महिला वर्ल्ड कप की प्राइज मनी की तुलना में चार गुना अधिक है। बता दें कि 2022 का खिताब ऑस्ट्रेलिया ने अपने नाम किया था, लेकिन उस समय विजेता टीम को इतनी बड़ी रकम नहीं मिली थी।
महिला वर्ल्ड कप 2025 में कुल 8 टीमें भाग ले रही हैं। टूर्नामेंट की कुल प्राइज मनी 13.88 मिलियन डॉलर रखी गई है, जो 2022 में न्यूजीलैंड में आयोजित महिला वर्ल्ड कप की 3.5 मिलियन डॉलर की राशि से लगभग 297 प्रतिशत अधिक है। खास बात यह है कि यह इनामी राशि 2023 में खेले गए आईसीसी मेंस वनडे वर्ल्ड कप से भी अधिक है, जिसकी कुल प्राइज मनी 10 मिलियन डॉलर थी। ऐसे में यह टूर्नामेंट महिला क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है।
फाइनल में हारने वाली टीम यानी रनर-अप को 2.24 मिलियन डॉलर (करीब 19.71 करोड़ रुपये) मिलेंगे। वहीं सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमों को 1.12 मिलियन डॉलर (लगभग 9.8 करोड़ रुपये) दिए जाएंगे। ग्रुप स्टेज के हर मैच में जीत हासिल करने वाली टीम को भी 34,314 डॉलर (करीब 30.19 लाख रुपये) की राशि मिलेगी। इसके अलावा पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाली टीमों को 700,000 डॉलर (6.16 करोड़ रुपये) और सातवें व आठवें स्थान की टीमों को 280,000 डॉलर (2.46 करोड़ रुपये) मिलेंगे। वहीं, टूर्नामेंट में भाग लेने वाली हर टीम को 250,000 डॉलर (करीब 2.20 करोड़ रुपये) दिए जाएंगे।
आईसीसी के चेयरमैन जय शाह ने प्राइज मनी का ऐलान करते हुए इसे महिला क्रिकेट के इतिहास का बड़ा माइलस्टोन बताया। उन्होंने कहा कि महिला क्रिकेट में यह चार गुना वृद्धि एक ऐतिहासिक क्षण है और इससे साफ है कि आईसीसी लंबे समय तक महिला क्रिकेट की ग्रोथ के लिए प्रतिबद्ध है। जय शाह ने यह भी कहा कि महिला क्रिकेटरों को यह संदेश दिया जा रहा है कि अगर वे इस खेल को प्रोफेशनल रूप से चुनती हैं तो उन्हें पुरुष खिलाड़ियों की तरह समान अवसर और सम्मान मिलेगा।
इस घोषणा के बाद महिला वर्ल्ड कप 2025 को लेकर खिलाड़ियों और फैंस के बीच उत्साह और बढ़ गया है। भारत में होने वाला यह टूर्नामेंट न केवल मैदान पर रोमांचक मुकाबलों का गवाह बनेगा, बल्कि यह महिला क्रिकेट की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत करेगा। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी बड़ी इनामी राशि का सीधा असर खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और उनके प्रदर्शन पर दिखाई देगा, जिससे महिला क्रिकेट के भविष्य की नई दिशा तय हो सकती है।
Share this content:
