April 17, 2026

महाकुंभ की आस्था पर सियासत गरम, CM योगी का सपा पर बड़ा हमला!

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को विधानसभा में अपने संबोधन के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा के नेता खुद को समाजवादी कहते हैं, लेकिन उनकी सोच का राम मनोहर लोहिया जी के विचारों से कोई लेना-देना नहीं है। योगी ने आरोप लगाया कि सपा के लोगों को लोहिया के आदर्शों और आचरण से कोई मतलब नहीं है।

महाकुंभ पर चर्चा करते हुए CM योगी ने किया बड़ा दावा

सीएम योगी ने महाकुंभ 2025 के भव्य आयोजन को भारत की परंपराओं का सम्मान बताते हुए कहा कि इस बार 66 करोड़ 30 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। उन्होंने इसे दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक आयोजन करार दिया और कहा कि इसकी गूंज लंबे समय तक सुनाई देगी।

“दुनिया भर के मीडिया ने इसे एक चमत्कार करार दिया है। महाकुंभ का आयोजन हमारे लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं था, लेकिन केंद्र और राज्य सरकार ने इसे सफलतापूर्वक संपन्न कराया,” उन्होंने कहा।

अर्थव्यवस्था को हुआ बड़ा लाभ, नाविकों ने की लाखों की कमाई!

महाकुंभ के आर्थिक प्रभाव पर बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि इस आयोजन से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को लगभग 3.5 लाख करोड़ रुपये का लाभ होने की उम्मीद है। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि “एक नाविक ने महज 45 दिनों में 23 लाख रुपये कमाए, यानी उसकी औसत दैनिक आमदनी करीब 50 हजार रुपये रही।”

CM योगी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि महाकुंभ को लेकर किए गए उनके नकारात्मक प्रचार का जनता पर कोई असर नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि महाकुंभ में हर गांव से लोग पहुंचे और सनातन धर्म के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त की।

“2027 में फिर होगी सपा की करारी हार”

अपने भाषण के अंत में मुख्यमंत्री ने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि 2027 के चुनाव में भी सपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और परंपराओं के प्रति सपा की नकारात्मक सोच को जनता पहले भी नकार चुकी है और आगे भी नकारेगी।

अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री के इस बयान पर सपा की क्या प्रतिक्रिया आती है और क्या महाकुंभ से जुड़ा आर्थिक व राजनीतिक विमर्श आने वाले दिनों में और गरमाएगा?

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!