सनसनीखेज़ प्रेम त्रासदी: “साथ जी नहीं सकते, तो साथ मर जाएंगे…” कहकर दो बच्चों की मां ने प्रेमी संग दी जान
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। सुबह-सुबह जब गांव के लोगों की नजर महुआ के पेड़ पर एक महिला और युवक के शवों पर पड़ी, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। यह कोई आम हादसा नहीं था, बल्कि समाज की बंदिशों और रिश्तों की दीवार से हारे दो प्रेमियों की आखिरी दास्तान थी।
घटना जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के मऊहार टोला, बंधा गांव की है। यहां दो बच्चों की मां संगीता सिंह और युवक संदीप सिंह गोंड ने एक साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों लंबे समय से प्रेम संबंध में थे, लेकिन सामाजिक बंधनों और पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते एक साथ जीवन नहीं बिता पा रहे थे। आखिरकार, दोनों ने “साथ जी नहीं सकते तो साथ मर जाएंगे” की कसम निभाते हुए जान दे दी।
जानकारी के अनुसार, संदीप शहडोल जिले के बसनगरी गांव का रहने वाला था जबकि संगीता सीधी जिले के झगड़ा गांव की रहने वाली थी। संगीता पहले से शादीशुदा थी और दो बच्चों की मां भी थी। बावजूद इसके दोनों का प्रेम संबंध गहराता चला गया। परंतु समाज की मर्यादाएं और पारिवारिक दबाव उनके रास्ते में बाधा बनते रहे।
मौके पर पहुंची जयसिंहनगर पुलिस ने शवों को पेड़ से नीचे उतारा और पंचनामा तैयार कर जांच शुरू कर दी है। शहडोल एडिशनल एसपी अभिषेक दीवान ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह प्रेम प्रसंग का मामला लग रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की हर बिंदु से जांच की जा रही है।
यह घटना न सिर्फ प्रेम की पीड़ा को उजागर करती है, बल्कि यह सवाल भी खड़ा करती है कि क्या आज भी प्रेम को समाज में वह स्थान नहीं मिला, जिसकी वह हकदार है?
Share this content:
