June 8, 2026

गुरुग्राम हॉस्पिटल में ICU की चुप्पी में छुपा था हैवानियत का सच, एयर होस्टेस से डिजिटल रेप का आरोपी गिरफ्तार, पिता बोले – “सजा जरूर मिलनी चाहिए”

हरियाणा के गुरुग्राम में एक प्रतिष्ठित प्राइवेट अस्पताल की दीवारों के भीतर एक ऐसा सनसनीखेज़ मामला सामने आया है, जिसने न सिर्फ इंसानियत को शर्मसार किया, बल्कि चिकित्सा व्यवस्था की निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए। ICU में भर्ती एक एयर होस्टेस के साथ डिजिटल रेप की इस घटना ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया है। आरोपी कोई बाहरी नहीं, बल्कि वहीं का टेक्नीशियन दीपक निकला, जिसे अस्पताल की तकनीकी जिम्मेदारियों के चलते ICU में जाने की अनुमति थी। लेकिन इस भरोसे का उसने ऐसा दुरुपयोग किया कि पूरा देश सन्न रह गया।

एसआईटी जांच में सामने आया कि आरोपी दीपक वारदात के समय करीब 16 मिनट तक ICU में मौजूद था, जबकि उसके काम में महज दो मिनट का ही समय लगता है। पूछताछ में उसने यह स्वीकार किया कि एयर होस्टेस की अर्ध-बेहोशी की हालत और ICU की एकांतता को देखकर उसकी नीयत बिगड़ गई। अश्लील वीडियो देखने के बाद उसने युवती के प्राइवेट पार्ट में उंगली से छेड़छाड़ की। पुलिस ने जब उसका मोबाइल डेटा और ब्राउज़िंग हिस्ट्री खंगाली, तो पाया गया कि उसने घटना से पहले और बाद में भी अश्लील वीडियो देखे थे।

एसआईटी की छह सदस्यीय टीम ने 800 से अधिक CCTV फुटेज खंगालने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया। उसे जेल भेजने से पहले अस्पताल लाया गया, जहां उसने स्टाफ से माफी मांगी। वहीं, आरोपी के पिता भी गुरुग्राम पहुंचे और स्पष्ट शब्दों में कहा – “उसने जो किया, बहुत गलत किया… उसे उसकी गलती की सजा जरूर मिलनी चाहिए।”

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। ICU में मौजूद दो नर्सों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, लेकिन अभी तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पुलिस का मानना है कि आरोपी ने जानबूझकर नर्सों को काम में उलझा रखा ताकि उसकी इस घिनौनी हरकत पर किसी की नजर न पड़े। यह मामला अब केवल एक अपराध नहीं, बल्कि भरोसे और संवेदनशीलता के ताने-बाने पर गंभीर चोट बन गया है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!