April 17, 2026

विभूति खंड थाने में वकीलों से मारपीट का मामला गरमाया, बार एसोसिएशनों ने बुलाई आपात बैठक

लखनऊ – राजधानी में वकीलों और पुलिस के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। विभूति खंड थाने में अधिवक्ताओं के साथ हुई मारपीट और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने को लेकर वकीलों में भारी आक्रोश है। इस मामले को लेकर लखनऊ बार एसोसिएशन और सेंट्रल बार एसोसिएशन ने संयुक्त बैठक बुलाने का फैसला किया है, जबकि अवध बार एसोसिएशन ने भी अपनी कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है।

क्या है पूरा मामला?

घटना 14 मार्च की है, जब अधिवक्ता सौरभ वर्मा और राहुल पांडे किसी कानूनी मामले के सिलसिले में विभूति खंड थाने पहुंचे थे। वहां पुलिसकर्मियों से उनकी कहासुनी हो गई, जो बाद में गंभीर रूप ले ली। आरोप है कि पुलिस ने वकीलों के साथ मारपीट की और उनके साथ अभद्र एवं अमर्यादित व्यवहार किया। इसके बाद पुलिस ने वकीलों के खिलाफ द्वेष भावना से तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए।

इस घटना के बाद वकीलों में भारी आक्रोश फैल गया है। लखनऊ और प्रदेशभर के अधिवक्ताओं ने पुलिस की इस कार्रवाई को निंदनीय बताते हुए इसका विरोध किया है।

सोमवार को होगी अहम बैठक, आगे की रणनीति पर होगा फैसला

घटना के बाद वकीलों ने पुलिस पर मनमानी और दमनकारी रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। इसको लेकर लखनऊ बार एसोसिएशन और सेंट्रल बार एसोसिएशन ने संयुक्त बैठक बुलाई है, जो सोमवार को दोपहर 2:30 बजे कचहरी परिसर में होगी। इस बैठक में पुलिस की कार्रवाई पर चर्चा की जाएगी और आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा।

इसके अलावा, अवध बार एसोसिएशन ने भी सोमवार को कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। इसमें अधिवक्ताओं पर दर्ज मुकदमों और पुलिस द्वारा बल प्रयोग के मुद्दे पर चर्चा होगी।

वकीलों का गुस्सा बढ़ा, आंदोलन के संकेत

सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद कुमार कुशवाहा ने पुलिस की कार्रवाई की कड़ी निंदा की और इसे अधिवक्ता समुदाय के खिलाफ साजिश बताया। उनका कहना है कि प्रदेशभर के अधिवक्ताओं में इस घटना को लेकर जबरदस्त आक्रोश है। अगर जल्द ही कोई समाधान नहीं निकला, तो वकील बड़े आंदोलन का रुख अपना सकते हैं।

इस घटना ने एक बार फिर पुलिस और वकीलों के रिश्तों में तनाव बढ़ा दिया है। अब सभी की नजरें सोमवार को होने वाली बैठकों पर टिकी हैं, जहां आगे की रणनीति तय की जाएगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!